कोटद्वार की घटना के दोषी गिरफ्तार, होगी कड़ी कार्यवाही: सीएम रावत

प्रदेश में हो रही अतिवृष्टि की घटनाओं के दृष्टिगत एहतियात बरतने के निर्देश
देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कोटद्वार की घटना को दुखःद बताते हुए कहा कि दोषियों को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा फास्ट ट्रैक मोड के तहत उन पर कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जायेगी।
शुक्रवार को सचिवालय में मीडिया से अनौपचारिक वार्ता करते हुए मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृति न हो इसके लिये भी पुलिस एवं अन्य सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को सतर्कता बरतने को कहा है। टिहरी में हुई स्कूली बच्चों की मौत पर भी मुख्यमंत्री ने इस प्रकार की दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेने तथा परिवहन, शिक्षा एवं पुलिस के अधिकारियों से वाहनों की, वाहन चालकों तथा स्कूलों के संचालन आदि व्यवस्थाओं का संयुक्त रूप से जांच अभियान संचालित करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने दुर्घटना में मृत बच्चों आदि के परिजनों को अविलम्ब अनुमन्य आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिये हैं।
मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने प्रदेश में हो रही अतिवृष्टि की घटनाओं के दृष्टिगत एहतियात बरतने को कहा है। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों से संवेदनशील स्थलों को चिन्ह्ति करने के साथ ही सभी जिलों में आपदा प्रबन्धन तंत्र को सक्रिय रखने के भी निर्देश दिये हैं। उन्होंने यह भी निर्देश दिये हैं कि आपदा के दौरान किसी प्रकार के जान माल के नुकसान पर अविलम्ब राहत उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाय। आपदा राहत में रिस्पांस टाइम कम से कम हो इसका सभी सम्बन्धित अधिकारी विशेष ध्यान रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *