केन्द्रीय अपर सचिव स्वास्थ्य ने CM से की शिष्टाचार भेंट

देहरादून। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत से बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में केन्द्रीय अपर सचिव स्वास्थ्य श्री मनोज झलानी ने शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय अपर सचिव स्वास्थ्य से प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास में सहयोग की अपेक्षा की। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास के लिये आपातकालीन हेली एम्बुलेंस के लिये वित्तीय सहयोग की भी अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के दूरस्थ ़क्षेत्रों में विवेकानन्द स्वास्थ्य मिशन द्वारा भी सहयोग किया जा रहा है, विशेषज्ञ डाक्टरों को सेवाये इन क्षेत्रों में उपलब्ध हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बाल मृत्यु दर एवं मातृ मृत्यु दर को कम करने की दिशा में भी प्रभावी प्रयास किये जा रहे है।
केन्द्रीय अपर सचिव ने कहा कि उन्होंने दून, केरोनेशन व गांधी नेत्र चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया है। इन अस्पतालों में आवश्यक व्यवस्थाओं हेतु भी सहयोग की उन्होंने बात कही, उन्होंने प्रदेश में अन्य राज्यों की भांति विशेषज्ञ चिकित्सकों का अलग कैडर बनाये जाने का भी सुझाव दिया। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना तथा हेल्थ वेलनेस सेन्टरो की स्थापना आदि विषयों पर भी चर्चा की।
इस अवसर पर सचिव स्वास्थ्य श्री नीतेश झा भी उपस्थित थे।
प्रणव मुखर्जी फाउण्डेशन की प्रबंध निदेशक ने की शिष्टाचार भेंट 
मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत से बुधवार को मुख्यमंत्री आवास पर प्रणव मुखर्जी फाउण्डेशन की प्रबंध निदेशक श्रीमती ओमिता पाल ने शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने बताया कि प्रणव मुखर्जी फाउण्डेशन, नई दिल्ली द्वारा प्रदेश के जनपद पौडी के विकासखण्ड जहरीखाल एवं हरिद्वार के बहादराबाद विकासखण्ड के 15 गांवो के समग्र विकास की पहल के लिये चिन्ह्ति किया गया है। इन गांवों में स्वास्थ्य सुविधा, शिक्षा, आर्गनिक खेती, रोजगार सृजन, सौर ऊर्जा, जल संरक्षण आदि क्षेत्रों में कार्य किया जायेगा।
मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि फाउण्डेशन द्वारा चिन्ह्ति गांवो के विकास के लिये राज्य सरकार भी सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिये जड़ी बूटी, सगंध पादप, आर्गनिक खेती, रोजगार सृजन, स्वच्छ पेयजल, सौर ऊर्जा, ग्रामीण स्वास्थ्य आदि क्षेत्रों में अनेक योजनाये संचालित की जा रही है। इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में फाउण्डेशन सहयोग कर सकता है। श्रीमती ओमिता पाल ने मुख्यमंत्री को यह भी अवगत कराया कि फाउण्डेशन द्वारा इन गांवो के विकास में स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय के साथ भी सहयोग किये जाने पर वार्ता हुई है।  इस अवसर पर मुख्य सचिव श्री उत्पल कुमार सिंह एवं अपर मुख्य सचिव श्री ओम प्रकाश भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *