झण्डा जी मेला आयोजन समिति की ओर से तैयार की गई विशेष सूचनाएं
देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। कोरोना वायरस व इसके लक्षणों के प्रति जागरुकता एवम् सुरक्षा के मद्देनज़र श्री झण्डा जी मेला आयोजन समिति की ओर से हिन्दी, पंजाबी व अंगे्रजी भाषा में विशेष सूचनाएं तैयार की गई हैं। सचूना में अपील की गई है कि बुजुर्ग, वृद्ध, बच्चों व गर्भवती महिलाएं मेले में शामिल न हों। ऐसे लोग जो चीन की यात्रा से लौटे हों किसी अन्य देश से लौटे हों या किसी कोरोना वायरस सम्भावित के सम्पर्क में आए हों उनसे भी मेले में शामिल न होने की अपील की गई है। इसके अलावा मेला समिति की ओर से विशेष एडवाइजरी जारी कर वायरस के लक्षणों के प्रति सचेत रहने की अपील की गई है। मेला आयोजन के दौरान संगत व श्रद्धालुओं को नियमित तौर पर साफ सफाई, बचाव व वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए जागरूक किया जाएगा। आॅडियो रिकाॅर्डेड सूचना के माध्यम से मेले में आने वाली संगत व श्रद्धालुओं से मेला आयोजन के दौरान नियमित अपील की जाएगी। मेला समिति ने कोरोना वायरस के प्रति सजगता हेतु सैकड़ों फ्लैक्स पैम्फलेट्स तैयार किए हैं। सभी संगतों व श्रद्धालुओं से विनम्र आग्रह व अपील की गई है कि मेला स्थल को कोरोना वायरस रहित बनाने में सभी लोग अपना सहयोग दें।
श्री दरबार साहिब मेला स्थल पर लगेंगे थर्मल स्कैनर
श्री दरबार साहिब के वरिष्ठ जनसम्पर्क अधिकारी भूपेन्द्र रतूड़ी ने बताया कि श्री झण्डा जी मेला प्रबन्धन समिति की ओर से मेला स्थल पर थर्मल स्कैनर लगाए जा रहे हैं। दोनों प्रवेश द्वारों पर थर्मल स्कैनर लगाए जाएंगे। श्री दरबार साहिब प्रबन्धन की ओर से श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल को विशेष एडवाइज़री जारी कर दी गई है। श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डाॅ विनय राय ने बताया कि अस्पताल में कोरोना वायरस संबन्धित रोगियों के उपचार के लिए 50 बिस्तरों का आइसोलेशन वार्ड तैयार रखा गया है। आवश्यकता पड़ने पर बैड की संख्या बढ़ा दी जाएगी। श्री दरबार साहिब में मेला अस्पताल खोला जा रहा है। मेले में आने वाली किसी भी संगत को कोरोना वायरस या अन्य किसी संक्रमण की वजह से उपचार मिलने में परेशानी न हो इसके लिए व्यापक इंतज़ाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि बार बार इस बात को विभिन्न माध्यमों से दोहराया जाएगा कि किसी भी मरीज़ को बुखार, सांस लेने में तकलीफ, आॅखों या नाक से पानी बहने की शिकायत हो तो वे तुरन्त मेला अस्पताल में डाॅक्टर से सम्पर्क करेंगे। श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल की एम्बुलेंस 24 घण्टे राउंड दि क्लाॅक उपलब्ध रहेगी। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए संदिग्ध मरीजों को श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में रैफर किया जाएगा।