श्री झण्डे जी मेले की भव्यता बढ़ाने पंजाब से पहुंची पैदल संगत

पुष्प वर्षा व श्री गुरु महाराज के जयकारों के साथ हुआ श्री दरबार साहिब में भव्य स्वागत
देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। पंजाब के विभिन्न हिस्सों से 100 सदस्यीय पैदल संगत का जत्था रविवार शाम को श्री दरबार साहिब पहुंचा। शाम 5ः30 बजे दर्शनी गेट पहुंचते ही पैदल संगत का पुष्प वर्षा व ढोल नगाड़ों की थाप के साथ ज़ोरदार स्वागत किया गया। श्री दरबार साहिब के सज्जादानशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज की अगुवाई में पुष्प वर्षा के बीच संगत का जोरदार स्वागत हुआ। श्रीमहाराज जी ने संगत को दर्शन दिए व आशीर्वाद दिया। श्री दरबार साहिब परिसर श्री गुरु महाराज जी के जयकारों से गूंज उठा।
श्री दरबार साहिब के वरिष्ठ जनसम्पर्क अधिकारी भूपेन्द्र रतूड़ी ने बताया कि हर साल की तरह इस वर्ष भी पंजाब की पैदल संगत श्री दरबार साहिब पहुंची है। श्री दरबार साहिब प्रबन्धन की ओर से रविवार दोपहर 12 बजे संगत का स्वागत प्राइमरी स्कूल कांवली में किया गया। शाम 5ः30 बजे श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज की अगुआई में दर्शनी गेट पर व श्री दरबार साहिब परिसर में संगत का भव्य स्वागत किया गया। पैदल संगत के श्री दरबार साहिब में पहुंचते ही रौनक में चार चांद लग गए हैं। इस प्रकार रविवार से श्री दरबार साहिब में देश-विदेश से आने वाली संगत के पहुंचने का क्रम शुरू हो गया है।


श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने जारी किया संदेश
श्री गुरु राम राय दरबार साहिब के श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने सभी संगतों व श्रद्धालुओं के नाम संदेश जारी कर कहा कि कोरोना वायरस के प्रति सजगता बरतें। स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना वायरस के प्रति बचाव की एडवाइज़री जारी की गई है सभी उसका अनुपालन करें। सभी संगतों व श्रद्धालुओं का आह्वाह्न किया है कि श्री झण्डा मेला आपका अपना मेला है, मेला स्थल को कोरोना वायरस रहित बनाने में सभी अपना सहयोग दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *