दुर्घटना में घायल चार स्कूली बच्चों को पहुंचाया गया एम्स ऋषिकेश, मरने वालों में चार साल के बच्चे भी
देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। बच्चों को लेकर स्कूल जा रही वैन के प्रतापनगर-कंगसाली-मदननेगी मोटर मार्ग पर अनियंत्रित होकर खाई में गिर जाने से नौ बच्चों की मौत हो गयी। मरने वालों में चार साल के बच्चे भी शामिल है। दुर्घटना में घायल चार स्कूली बच्चों को एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया है।
घटना टिहरी जिले के प्रतापनगर ब्लॉक की है, जहां आज सुबह यह हादसा हुआ। मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह बच्चों को लेकर स्कूल जा रहा मैक्स वाहन संख्या यूए 07क्यू 3126 टिहरी जिले के प्रतापनगर-कंगसाली-मदननेगी मोटर मार्ग पर कंगसाली के पास अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। मौके पर चीख.पुकार मच गई। सूचना पर एसडीआर, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में नौ बच्चों की मौत हो गई। बताया गया कि वाहन में कुल 19 बच्चे सवार थे। रेस्क्यू कर घायल बच्चों को खाई से बाहर निकाला गया और उन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया है। तहसीलदार ने बताया कि दो बच्चों की मौत मौके पर ही हो गई थी। बाकी बच्चों की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। मुतक बच्चों में चार-पांच साल उम्र के बच्चे भी शामिल हैं। सभी बच्चे एंजल्स इंटरनेशनल स्कूल मदननेगी में पढ़ते हैं। दुर्घटना में घायल चार स्कूली बच्चों को एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया।

तहसीलदार रेखा रे की मौजूदगी में एयर एंबुलेंस की मदद से घायल बच्चों को आईडीपीएल स्थित हेलीपैड पर उतारा गया। यहां से एंबुलेंस पर चार घायलों को एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया। घायल बच्चों के नाम अखिलेश, प्रिंस, सिद्धार्थ, ऋषभ हैं। एक घायल के कार से एम्स पहुंचने की सूचना है। प्रशासन की ओर से सवार बच्चों के नामों को लेकर जो सूचना दी गयी है, उसके मुताबिक……..
मृतक बच्चाें के नाम: ऋषभ उम्र पांच साल, अयान उम्र चार साल, आदित्य उम्र आठ साल, विहान उम्र पांच साल, ईशान उम्र छह साल, अभिनव उम्र छह साल, साहिल उम्र 13 साल, आदित्य उम्र 10 साल, वंश उम्र पांच साल।
घायल बच्चाें के नाम: ईशिका, कृष्णा, आशीष, प्रिंस नौ वर्षीय, ऋषभ 10 वर्षीय, वेदिका, अखिलेश आठ वर्षीय, सिद्धार्थ 10 वर्षीय, नैतिक, कान्हा।
