देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। प्रदेश सरकार के जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की बात कहते हुए उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने कहा कि 2022 के चुनाव में भाजपा सरकार को जनता व कार्यकर्ताओं के सहयोग से एक बार फिर सत्ता में लाएंगे।
सुभाष रोड स्थित एक वेडिंग प्वाइंट में प्रदेश के नवनियुक्त पदाधिकारियों के सम्मान में आयोजित समारोह में अपने विचार व्यक्त करते हुए उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतर रही है, जिस कारण जनता का सरकार व भाजपा के प्रति विश्वास बढ़ा है। उन्होंने कहा कि जनता व कार्यकर्ताओं के सहयोग से 2022 के चुनाव में भाजपा सरकार को एक बार फिर सत्ता में लाएंगे। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि चुनौतियों का सामने करने वाला ही असली कार्यकर्ता है। इससे पहले महानगर अध्यक्ष सीताराम भट्ट ने मंडलों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया और भविष्य के कार्यक्रमों से अवगत कराया। कार्यक्रम को मेयर सुनील उनियाल गामा, राजपुर रोड विधायक खजानदास, 20 सूत्री कार्यक्रम के उपाध्यक्ष नरेश बंसल, अनिल गोयल ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर कैंट विधायक हरबंस कपूर, धर्मपुर विधायक विनोद चमोली, मसूरी विधायक गणेश जोशी, अजीत चौधरी, खेम सिंह पाल, रविंद्र कटारिया, शादाब शम्स, राजेश शर्मा, राजकुमार पुरोहित, घनानंद आदि मौजूद रहे।