अभिकरण की नियमावली में छेड-छाड कर पूर्व में स्वीकृत धनराशि को खुर्द-बुर्द करने का प्रयासः- गणेश गोदियाल
देहरादून(गढ़वाल का विकास न्यूज)। श्रीनगर विधानसभा के पूर्व विधायक एवं उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष गणेश गोदियाल ने उत्तराखण्ड सरकार के सहकारिता मंत्री धनसिंह रावत द्वारा थलीसैण में राठ विकास अभिकरण का दुबारा उद्घाटन किये जाने को जनता को भ्रमित करने का प्रयास बताते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के समय गठित जिस राठ विकास अभिकरण का विधिवत उद्घाटन 2016 में पाबौ में हो चुका है तथा उसके लिए धनराशि भी मंजूर की जा चुकी थी उसका दुबारा उद्घाटन करना जनता के साथ छलावा मात्र है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय गठित राठ रूरल डेब्लप्मेंट को-आपरेटिव फैडरेशन के तहत स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार देने की योजना के तहत इस अभिकरण का गठन करते हुए इसके अन्तर्गत 100 समितियां भी रजिस्टर हुई थी । भाजपा सरकार के सहकारिता मंत्री द्वारा इस अभिकरण की नियमावली में छेड-छाड कर थलीसैण में दुबारा उद्घाटन किया जाना समझ से परे तथा जनता को भ्रमित करने का प्रयास है।
गणेश गोदियाल ने कहा कि जिस भाजपा सरकार द्वारा राज्य की सत्ता में सत्तारूढ होने के बाद साढे तीन साल तक राठ विकास अभिकरण को निष्क्रिय रख कर मृत प्रायः बनाये रखा अब चुनावी समय नजदीक आने पर उन्हें राठ विकास अभिकरण की याद आ रही है। उन्होंने यह भी कहा कि पिछड़ा क्षेत्र होने के कारण वहां के बेरोजगार युवाओं को पलायन से रोकने के लिए उनके व्यक्तिगत प्रयासों से कांग्र्रेस सरकार द्वारा बनाये गये राठ विकास अभिकरण की नियमावली में स्पश्ट था कि प्रदेष के मुख्यमंत्री इस अभिकरण के पदेन अध्यक्ष होंगे परन्तु भाजपा सरकार तथा स्थानीय विधायक व सहकारिता मंत्री द्वारा अपनी मनमानी करते हुए अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को व्यक्तिगत लाभ पहुंचाने की नीयत से अभिकरण की मूल नियमावाली में छेड-छाड करते हुए इस पद पर अपने चहेते कार्यकर्ता को नियुक्त कर अभिकरण गठन के प्रयोजन को ही समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय राठ विकास अभिकरण के लिए जो धनराषि स्वीकृत हुई थी भाजपा सरकार तथा स्थानीय विधायक द्वारा उस धनराषि को अपने कार्यकर्ताओं में बंदर बांट कर खुर्दबुर्द करने का कार्य किया गया है।
गणेश गोदियाल ने कहा कि क्षेत्रीय विधायक के मंत्रिमण्डल का सदस्य होने के बावजूद श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र मे उनके साढे तीन साल के कार्यकाल में एक भी विकास का कार्य नहीं हो पाया। अब क्षेत्र की जनता को गुमराह करने की नीयत से कांग्रेस सरकार के समय मंजूर योजनाओं का दुबारा-दुबारा उद्घाटन कर जनता में भ्रम पैदा करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री होने के नाते उन्हें क्षेत्र के विकास की जरा भी चिन्ता होती तो वे थलीसैण में किसी अन्य विकास योजना की आधारशिला रखते परन्तु उनका विकास से दूर तक का कोई सारोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की इस कारगुजारी को कतई बर्दास्त नहीं किया जायेगा तथा इसके खिलाफ स्थानीय जनता के साथ मिलकर पाबौ से लेकर थलीसैण तक एक जन आन्दोलन किया जायेगा।