हिमाचल प्रदेश के स्कीयर्स ने सबसे अधिक पदक जीतकर तालिका में हासिल किया पहला स्थान
देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। औली में आयोजित तीन दिवसीय नेशनल स्कीइंग एवं स्नोबार्ड चैंपियनशिप का समापन हो गया है। चैम्पियनशीप में हिमाचल प्रदेश के स्कीयर्स ने सबसे अधिक पदक जीतकर तालिका में पहला स्थान हासिल किया। समापन पर विजेताओं को मेडल और चेक दिए गए।
नेशनल स्कीइंग एवं स्नोबार्ड चैंपियनशिप के अंतिम दिन जाइंट स्लालम, नॉर्डिक स्प्रिंट और स्नोबोर्ड की अलग-अलग स्कीइंग स्पर्धाएं हुईं। हिमाचल प्रदेश के स्कीयर्स ने अंतिम दिन भी अपना दबदबा कायम रखा। चैम्पियनशीप में हिमाचल प्रदेश की टीम ने 6 गोल्ड, 8 रजत व 3 कांस्य पदक पर कब्जा किया, जबकि एसएससीबी (सेना) की टीम 6 गोल्ड, 5 रजत व 5 कांस्य पदक हासिल कर द्वितीय स्थान पर रही। जम्मू-कश्मीर ने 4 गोल्ड, 1 रजत व छह कांस्य पदक के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी तरह आईटीबीपी ने 2 गोल्ड, दो रजत व दो कांस्य, उत्तराखंड ने एक गोल्ड, तीन रजत व दो कांस्य, यूपी की टीम ने एक कांस्य पदक हासिल किया, जबकि बिहार, महाराष्ट्र, दिल्ली और कर्नाटक की टीमों के खिलाड़ियों ने भी भरपूर दमखम दिखाया लेकिन टीमें एक भी पदक नहीं जीत पाईं। समापन समारोह में आईटीबीपी के डीआईजी गंभीर सिंह चौहान, एसडीएम अनिल कुमार चन्याल, उत्तराखंड स्की एंड स्नो बोर्ड एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप साहनी, सचिव प्रवीन शर्मा ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल व चेक भेंट किए।
जाइंट सलालम में हिमाचल और सेना ने जीते तीनों पदक
जाइंट सलालम की सीनियर महिला वर्ग की प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के स्कीयर्स ने तीनों पदक अपने नाम किए। हिमाचल की आंचल ठाकुर ने स्वर्ण, वर्षा ठाकुर ने रजत और संध्या ठाकुर ने कांस्य पदक पर कब्जा किया। जबकि इसी प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में एसएससीबी (सेना) ने तीनों पदक अपने नाम किए। सेना के आसिफ खान ने स्वर्ण, अनिल कुमार ने रजत और टी नरभु ने कांस्य पदक हासिल किया।
आईटीबीपी की महिला खिलाड़ियों का कब्जा
महिला वर्ग में 1.5 किमी नार्डिक स्प्रिंट प्रतियोगिता के तीनों पदकों पर आईटीबीपी की महिला खिलाड़ियों ने कब्जा जमाया। आईटीबीपी की बबीता नेगी ने स्वर्ण, भावना खोलिया ने रजत और पार्वती खांपा ने कांस्य पदक हासिल किया, जबकि पुरुष वर्ग में सेना का दबदबा रहा। सेना के रजीज अहमद ने स्वर्ण, मन बहादुर ने रजत तथा पदम नम ज्ञान ने कांस्य पदक जीता।
जूनियर स्नोबोर्ड सलालम में आरिफ और टिम बहादुर को स्वर्ण
जूनियर स्नोबोर्ड सलालम में जम्मू-कश्मीर के आरिफ मजीद ने स्वर्ण, यहीं के वकार अहमद लोन ने रजत और हिमाचल के मनीष ने कांस्य पदक हासिल किया। सीनियर वर्ग में सेना के टिम बहादुर ने स्वर्ण, करन ने रजत तथा विवेक ने कांस्य पदक हासिल किए।