देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। पिथौरागढ़ विस उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी चंद्रा पंत की जीत हुई है। उन्होंने कांग्रेस को कड़ी टक्कर देकर पराजित किया है। चंद्रा पंत ने तीन हजार से ज्यादा वोटों से जीत प्राप्त की है।
पिथौरागढ़ विधानसभा उप चुनाव के परिणाम जारी हो गए हैं। 11 चरणों में चली काउंटिंग में भाजपा प्रत्याशी चन्द्रा पंत ने अपने निकटवर्ती पतिद्वंद्वी अंजू लुंठी को 3300 से अधिक मतों से पराजित किया है। 11वें राउंड की गिनती के बाद भाजपा प्रत्याशी चन्द्रा पंत को 25646 और कांग्रेस प्रत्याशी अंजू लुंठी को 22298 मत प्राप्त हुए हैं। वहीं सपा प्रत्याशी मनोज कुमार भट्ट की जमानत जप्त हो गई है। हालांकि चुनाव आयोग की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा होनी बाकी है।
विदित हो कि प्रदेश के वित्तमंत्री प्रकाश पंत के निधन के बाद पिथौरागढ़ विधानसभा उपचुनावों के लिए 25 नवंबर को मतदान हुआ था। इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी चंद्रा पंत, कांग्रेस प्रत्याशी अंजू लुंठी और सपा प्रत्याशी मनोज कुमार भट्ट के बीच मुकाबला था। विधानसभा क्षेत्र में पंजीकृत 105117 मतदाताओं में से 50191 मतदाताओं ने मतदान किया है। मतगणना राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय पिथौरागढ़ में हुई। इसके के लिए कुल 14 टेबल लगाए गए थे। रिजर्व सहित कुल 69 कर्मचारी मतगणना के लिए रखे गए थे।
विस उपचुनाव मेंजीत के बाद भाजपा प्रत्याशी चंद्रा पंत भावुक हो गईं। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से कहा कि मेरी प्राथामिकताएं वही रहेंगी, जिन्हें स्व. प्रकाश पंत अधूरा छोड़ गए हैं। उनके विकास के सपनों को पूरा करुंगी। जनता के विश्वास पर खरा उतरने की कोशिश करुंगी। हमेशा क्षेत्र का विकास आगे बढ़ाने का प्रयत्न करुंगी। पिथौरागढ़ की जनता ने जो मुझ पर जो विश्वास जताया है, उसके लिए मैं उनका आभार प्रकट करती हूं।