HRD मंत्री डा. निशंक की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में शिक्षा मंत्री अरविन्द पाण्डेय ने दिया सुझाव
देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। शिक्षा मंत्री उत्तराखण्ड अरविन्द पाण्डेय ने मंगलवार को सचिवालय में केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक द्वारा देश के सभी राज्यों व केन्द्र शासित प्रदेशों के शिक्षा मंत्रीयो एवं सचिवों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई बैठक में प्रतिभाग किया।
केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि विद्यालयों में छुट्टियों के दौरान भी मिड डे मील का लाभ डीबीटी के माध्यम से छात्र छात्राओं को उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने इसके लिए 957 करोड़ की राशि स्वीकृत की है। ज्ञताव्य हो कि गर्मियों की छुट्टियों के दौरान छात्र छात्राओं को मिड डे मील का लाभ नहीं मिलता था।
शिक्षा मंत्री श्री अरविन्द पाण्डेय ने कहा कि दूरदर्शन के माध्यम से राज्य में विभिन्न विषयों की कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। प्रदेश के छात्र छात्राएं इसका लाभ ले रहे हैं। उन्होंने केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री से प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में कनेक्टिविटी में सुधार हेतु टेलीकॉम कंपनियों को निर्देशित करने का भी सुझाव दिया। उन्होंने कक्षा 1 से कक्षा 8 तक के लिए 4 हफ्ते का पाठयक्रम जारी करने पर केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे लॉक डाउन के मध्य विद्यालयों एवं बच्चों को सेलेक्टिव पाठयक्रम से काफी आसानी होगी। इस अवसर पर सचिव श्री आर मीनाक्षी सुंदरम और डॉ0 मुकुल कुमार सती भी उपस्थित थे।