मरीज की तलाश में जुटी पुलिस
रुड़की/देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। कोरोना पॉजिटिव मरीज को लेने पहुंची पुलिस को काफी तलाश के बाद भी मरीज बताये एड्रेस पर मौजूद नही मिला। पुलिस आसपास के लोगों से सम्पर्क कर उसकी तलाश में जुटी है। वहीं मरीज की बेटी से पुलिस का सम्पर्क हो पाया लेकिन वह भी अपने पिता का पता नही बता सकी।
जानकारी के मुताबिक कोरोना जांच की आई रिपोर्ट में रूडकी के सुनहरा का एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया, जो कि 29 मई को दिल्ली से लौटा था और नारसन बॉर्डर पर उसके सेम्पल लिए गए थे। मरीज को होम क्वॉरेंटाइन किया गया था। रिपोर्ट में दिए गए एड्रेस पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मरीज को लेने पहुंची लेकिन वहां मरीज नही मिल पाया। मरीज द्वारा दिया गया मोबाईल नम्बर भी बन्द मिला। इसके बाद आसपास भी पूछताछ शुरू की गई। काफी देर तक तलाश के बाद मरीज की आगरा में रह रही बेटी का मोबाईल नम्बर पुलिस को मिला। बेटी से बात की गई तो उसने बताया कि उसका पिता कहीं किराए के मकान में रहता है लेकिन पक्का एड्रेस उसके पास भी नही था। वही जो एड्रेस रिपोर्ट में लिखा था उस घर का मकान मालिक भी घर मे मौजूद नही था। अब पुलिस स्थानीय लोगों के साथ क्षेत्र में और आसपास उसकी तलाश कर रही है। इस सम्बंध में एसपी देहात एसके सिंह का कहना है कि मरीज ने अपना फोन बंद किया हुआ है उसकी बेटी से बात हुई है उसे कहा गया कि पिता से सम्पर्क करके जल्द पुलिस को बताए। उन्होंने कहा कि जल्द ही उस व्यक्ति से भी सम्पर्क हो जाएगा।