देहरादून। दूरस्थ ग्रामीण प्रतिभाओं को खेलकूद में आगे लाने के लिए युवा कल्याण विभाग की ब्लाक स्तर पर अण्डर 19 आयु वर्ग में बालक व बालिकाओं की आठ सौ मीटर दौड़ प्रतियोगिता 10-11 फरवरी को होगी। जिला युवा कल्याण अधिकारी एसएस गुसांई ने बताया कि प्रतिभागियों का पंजीकरण जिला युवा कल्याण अधिकारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी देहरादून, संबंधित खण्ड विकास अधिकारी, खण्ड शिक्षा अधिकारी, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी एवं सीआरसी/बीआरसी कार्यालय में किया जाएगा। उन्होंने अवगत कराया कि प्रतियोगिता में 19 वर्ष या उससे कम आयु के प्रतिभागी ही भाग ले सकेंगे। उन्होंने बताया विकासखण्ड रायपुर की प्रतियोगिताएं परेड ग्राउण्ड, विकासखण्ड डोईवाला की राजकीय इंटर कालेज छिद्दरवाला, विकासखण्ड सहसपुर की गोरखा मिलिट्री कॉलेज गढ़ी कैंट, विकासखण्ड विकासनगर की हर्बटपुर, विकासखण्ड कालसी की डाकपत्थर बैराज एवं विकासखण्ड चकराता की मिनी स्टेडियम क्ंवासी के मैदान में कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि जिले के समस्त विकासखण्डों में बालक वर्ग की प्रतियोगिता दस फरवरी तथा बालिका वर्ग की प्रतियोगिता 11 फरवरी को सुबह नौ बजे से होगी। उन्होंने बताया कि राज्य स्तर पर जिलों के दो विकासखण्डों के बालक एवं बालिका वर्ग में प्रथम स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागी को हीरो मोटो कॉर्प की तरफ से स्कूटी प्रदान की जाएगी।