भूकम्प के दौरान मॉल में फंस गये थे नौ लोग
देहरादून। शनिवार दोपहर आए भूकम्प के दौरान बसन्त विहार के एक मॉल में फंसे नौ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस दौरान किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। यह सब बसन्त विहार पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, होमगार्ड और सिविल डिफेंस ने भूकम्प के दौरान होने वाले रेस्क्यू ऑपरेशन की एक मॉक ड्रिल के दौरान किया।
शनिवार दोपहर बसन्त विहार पुलिस को सूचना मिली कि वैभव चौक स्थित विकास मॉल में भूकम्प के कारण बहुत नुकसान हुआ है और कई लोग मॉल में फंसे हुए हैं। मॉल के अन्दर फंसे हुए लोगों का कुछ पता नहीं लग पा रहा है। बसन्त विहार पुलिस ने उच्चाधिकारियों को सूचना दी और मौके पर पहुंची। तब तक सूचना प्रसारित होने के बाद , एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, होमगार्ड और सिविल डिफेंस भी रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए मौके पर पहुंच चुकी थी। महज 15 मिनट में सभी टीमें मौके पर थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पहुंचे उच्चाधिकारियों ने सभी टीमों को रेस्क्यू अभियान के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए ।
टीमों ने घटनास्थल व उसके आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित करते हुए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। मॉल में फंसे सभी नौ लोगो को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अभियान के दौरान कोई जनहानि नही हुई। मॉक ड्रिल टीम में क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम शेखर सुयाल, निरीक्षक एनडीआरएफ टीम जितेन्द्र राणा, थानाध्यक्ष बसंत विहार हेमंत खण्डूरी (टीम समेत), उपनिरीक्षक एसडीआरएफ जयपाल राणा (टीम समेत) , अपनी टीम के साथ आईटीबीपी निरीक्षक गणोश नौटियाल, टीम समेत कम्पनी कमाण्डर होमगार्ड 6-श्री संदीप, एम्बुलेन्स और निजी टेलीकॉम कम्पनियों क अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।