मौसम विभाग ने कही ये बात

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम लगातार करवट बदलने में लगा हुआ है। इसी कड़ी में मौसम विभाग की ओर से सूबे के पांच पहाड़ी जिलों में बुधवार रात से भारी बर्फबारी तथा सात जिलों में भारी बारिश और ओले गिरने की संभावना जतायी गयी है। वहीं शासन ने एडवाइजरी जारी करते हुए सभी जिलाधिकारियों को सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं।
उत्तराखंड में लगातार बदल रहे मौसम के बीच मौसम केन्द्र की ओर से बारिश-बर्फबारी को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार बुधवार शाम से मौसम में तेजी से बदलाव होने के आसार हैं। रात से ज्यादातर इलाकों में बारिश और ओले गिर सकते हैं। मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार, बुधवार सुबह से ही प्रदेशभर में बादल छाए रहने और बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक रात से अगले 24 घंटों के दौरान उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी हो सकती है। वहीं, देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ में भारी बारिश और ओले गिरने के आसार हैं। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि प्रदेश के लगभग सभी हिस्सों में बारिश होने का अनुमान है। 21 फरवरी को प्रदेशभर में बारिश, ओले गिरने और बर्फबारी होने की संभावना है। 22 की शाम से मौसम में सुधार हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *