निर्माणाधीन शौर्य स्थल का किया निरीक्षण
देहरादून। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने बुधवार को राजभवन के निकट शौर्य स्थल पर पर शहीद सैनिकों की स्मृति में देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए जवानों को एक मिनट का मौन रख कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सैनिकों के सम्मान की शपथ भी दिलाई। इस अवसर पर बौद्ध सम्प्रदाय के लोगों ने भी प्रार्थना के साथ शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन शौर्य स्थल का निरीक्षण भी किया।
मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि सैनिकों के सम्मान में पूरे देशवासियों में देशभक्ति का ज्वार उमड़ रहा है। शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ ही लोग अपनी भावनाओं को प्रकट कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत एकमात्र ऐसा राष्ट्र है, जिसे राष्ट्रमाता कहा जाता है। हमारी सेना ने देश की रक्षा के लिए हमेशा अदम्य साहस का परिचय दिया है। हमारी सेना का देश के लिए समर्पण भाव देशवासियों के लिए हमेशा से ही प्रेरणा देता रहा है। इस अवसर पर उत्तराखण्ड से पूर्व राज्य सभा सांसद श्री तरूण विजय, कर्नल श्री पृथ्वी सिंह रावत, सेवानिवृत्त वाइस एडमिरल श्री एच.एस बिष्ट, केन्टोनमेंट बोर्ड के अध्यक्ष जाकिर हुसैन, विद्यालयों के छात्र व एनसीसी कैडेट उपस्थित थे।
शहीदों के परिवार के लिए सौंपा एक लाख पचास हजार रूपये का चैक 
बुधवार को मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत को विधानसभा में विधायक गणेश जोशी ने पुलवामा आतंकी हमले में शहीदों के परिवार के लिए एक लाख पचास हजार रूपये का चैक सौंपा। विधानसभा के बजट सत्र के दौरान प्रदेश के सभी विधायकों द्वारा पुलवामा हमले में शहीदों के आश्रितों हेतु एक माह का वेतन देने के प्रस्ताव पर सहमति बनी थी।
विधायक श्री गणेश जोशी ने कहा कि पुलवामा आतंकी हमले में शहीद उत्तराखण्ड के जवान श्री मोहन लाल रतूड़ी की सबसे छोटी बेटी की पढ़ाई व शादी का खर्चा वे स्वयं वहन करेंगे।