विकास पर हावी हुई सहानुभूति लहर: प्रीतम सिंह

देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कांगे्रस मुख्यालय में मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि पिथौरागढ़ उपचुनाव में कांग्रेस पराजित हुई है, हम जनादेश स्वीकार करते हैं और पिथौरागढ़ की जनता का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद करते हैें कि जो विश्वास उन्होंने कांग्रेस में व्यक्त किया है उस विश्वास को हम कांग्रेस के लोग बनाये रखने का भरसक प्रयास करेंगे। ये जीत सहानुभूति एवं धनबल की जीत है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि इस उपचुनाव में मतदान प्रतिशत बहुत कम रहा है जो इस बात का संकेत है कि पिथौरागढ़ की जनता में इस उपचुनाव के प्रति उत्साह नही था क्योंकि भाजपा सरकार ने पिथौरागढ़ के विकास को अवरूद्व करने का काम किया। यदि राज्य सरकार ने पिथौरागढ़ में विकास कार्यो को अमलीजामा पहनाते हुए स्थानीय युवकों को रोजगार के अवसर मुहैया कराये होते, किसानों का बकाया़ ़ऋण माफ किया होता, स्वास्थ्य सेवाओं को सुद्वढ़ किया होता, बढ़ती मंहगाई पर लगाम लगाई होती, शिक्षा एवं कानून व्यवस्था पर ध्यान दिया होता तो वहां की जनता में मतदान के प्रति उत्साह होता।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि इस उपचुनाव में पिथौरागढ़ की जनता ने भाजपा को आईना दिखाने का भी काम किया है। लेकिन यह चुनाव इस बात का भी संकेत है कि भविष्य में कांग्रेस राज्य में और अधिक मजबूती के साथ उभरकर आयेगी। प्रीतम सिंह ने कांग्रेस के स्थानीय नेतृत्व एवं समस्त कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांगे्रस के प्रत्येक सिपाही ने पूरे समर्पण के साथ मजबूती एवं एकजुटता का परिचय देते हुए यह उपचुनाव लड़ा जिसके लिए वह सभी साधुवाद के पात्र है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *