देहरादून। देश में बढ़ती भीड़ की हिंसा और नफरत की राजनीति के खिलाफ तमाम विपक्षी दल 21 दिसंबर यानी आज एक बड़ा कनस्तर बजाओ कार्यक्रम आयोजित करेंगे।
जन हस्तक्षेप के बैनर तले आज विकासनगर में होने वाले इस कार्यक्रम में कांग्रेस, भाकपा, माकपा, उक्रांद, भाकपा माले, सपा, व विभिन्न जन संगठन हिस्सा लेंगे। इस कार्यक्रम के जरिए केंद्र सरकार के गरीबों के अधिकारों पर हमलों का विरोध भी किया जाएगा। इस कार्यक्रम के तहत जुलूस विकासनगर तहसील तक जाएगा। चेतना आंदोलन के त्रेपन सिंह चौहान व शंकर गोपाल कृष्णन ने बताया कि इस कार्यक्रम में राज्य के सारे विपक्षी दलों के प्रमुखों में उत्तराखंड क्रांति दल से काशी सिंह ऐरी, कांग्रेस पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी से समर भंडारी, भारतीय मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी से बचीराम कौंसवाल, समाजवादी पार्टी के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सत्य नारायण सचान सहित सैकड़ों लोग कनस्तर बजाओ कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।