देहरादून,(गढ़वाल का विकास न्यूज)। फीस को लेकर अभिभावकों पर दबाव बना प्राइवेट स्कूल के लिए शिक्षा सचिव ने आर मीनाक्षीसुंदरम ने नया आदेश जारी किया हैं। आदेश में शिक्षा सचिव ने प्राइवेट स्कूलों को दो टूक कहा कि लॉक डाउन अवधि में पढ़ाई नहीं हुई तो फीस भी नहीं ली जाएगी। जबरन फीस के लिए दबाव बनाया तो कार्रवाई की जाएगी।
लॉक डाउन के कारण आर्थिक तंगी से परेशान लोग बच्चों की फीस में छूट मांग रहे हैं। लेकिन स्कूल संचालक मैसेज, नोटिस जारी कर जबरन फीस जमा कराने का दबाव बना रहे हैं। विभिन्न जिलों में ऐसे मामले सामने आए हैं। इस पर सरकार कई आदेश जारी कर चुकी है। बावजूद इसके स्कूल संचालक इस तरफ ध्यान नहीं दे रहे हैं। शुक्रवार को शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय भी फीस को लेकर स्पष्ट निर्देश दे चुके कि लॉक डाउन तक स्कूल सिर्फ ट्यूशन फीस लेंगे। मगर, स्कूल बिना पढ़ाई के भी फीस के लिए दबाव बना रहे हैं। शिक्षा सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम ने बताया कि ऐसी शिकायतें मिल रही है कि स्कूल फीस के लिए दबाव बना रहे हैं। ऐसे में स्कूलों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि ऑनलाइन और दूसरे माध्यम से पढ़ाई जारी न रखने वाले स्कूल लॉक डाउन अवधि में ट्यूशन फीस भी नहीं लेंगे। इसका उल्लंघन करने पर स्कूलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

