देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। ऐतिहासिक श्री झण्डे जी मेले में शामिल होने के लिए पंजाब के विभिन्न हिस्सों से आ रहे 100 सदस्यीय पैदल संगत का जत्था शनिवार को सहसपुर पहुंच गया। सहसपुर पहुंचने पर पैदल संगत का जोरदार स्वागत किया गया। शनिवार को संगत सहसपुर में ही विश्राम करेगी व कल रविवार शाम को जत्था श्री दरबार साहिब पहुंचेगा। पैदल संगत के स्वागत के लिए श्री दरबार साहिब, मेला आयोजन समिति की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मेला व्यवस्थापक के0 सी0 जुयाल ने बताया कि रविवार शाम 5ः30 बजे दर्शनी गेट पहुंचते ही श्री दरबार साहिब के सज्जादानशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज की अगुवाई में पुष्प वर्षा के बीच संगत का जोरदार स्वागत किया जाएगा।
श्री दरबार साहिब मेला आयोजन समिति के प्रतिनिधिमण्डल ने जिलाधिकारी से भेंट की
दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज, श्री झण्डा मेला आयोजन समिति प्रतिनिधिमण्डल ने शनिवार को जिलाधिकारी डाॅ आशीष कुमार श्रीवास्तव से भेंट की। प्रतिनिधिमण्ड ने मेला आयोजन के दौरान कोरोना वायरस को लेकर रखी जाने वाली सावधानियों के बारे में अवगत कराया। प्रतिनिधिमण्डल ने जिलाधिकारी को बताया कि मेला आयोजन समिति की ओर से एडवाइजरी जारी की गई है। मेला स्थल पर कोरोना वायरस से सावधान रहने के बारे में फ्लेक्स लगाए जाएंगे व पैम्फलेट के माध्यम से आने वाली संगत को जानकारी दी जाएगी। श्री दरबार साहिब के स्वंयसेवक भी इस कार्य में महत्वपूर्णं भूमिका निभाएंगे। श्री झण्डा मेला आयोजन समिति की ओर से प्रतिनिधिमण्डल में व्यवस्थापक श्री के0सी0 जुयाल, मनमोहन बहुगुणा, विजय गुलाटी ने मीटिंग में भाग लिया।
श्री दरबार साहिब मेला स्थल पर लगेंगे तीन थर्मल स्कैनर
श्री झण्डा जी मेला प्रबन्धन समिति की ओर से मेला स्थल पर तीन थर्मल स्कैनर लगाए जाएंगे। श्री दरबार साहिब प्रबन्धन की ओर से श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल को विशेष एडवाइज़री जारी कर दी गई है। श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डाॅ विनय राय ने बताया कि अस्पताल में कोरोना वायरस संबन्धित रोगियों के उपचार के लिए 50 बिस्तरों का आइसोलेशन वार्ड तैयार रखा गया है। आवश्यकता पड़ने पर बैड की संख्या बढ़ा दी जाएगी। श्री दरबार साहिब में मेला अस्पताल खोला जा रहा है। मेले में आने वाली किसी भी संगत को कोरोना वायरस या अन्य किसी संक्रमण की वजह से उपचार मिलने में परेशानी न हो इसके लिए व्यापक इंतज़ाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि बार बार इस बात को विभिन्न माध्यमों से दोहराया जाएगा कि किसी भी मरीज़ को बुखार, सांस लेने में तकलीफ, आॅखों या नाक से पानी बहने की शिकायत हो तो वे तुरन्त मेला अस्पताल में डाॅक्टर से सम्पर्क करेंगे। श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल की एम्बुलेंस 24 घण्टे राउंड दि क्लाॅक उपलब्ध रहेगी। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए संदिग्ध मरीजों को श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में रैफर किया जाएगा।