रामनगर। स्थायी राजधानी पर प्रदेश सरकार से विराम लगाने का अनुरोध करते हुए विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद्र अग्रवाल ने कहा कि सरकार गैरसैंण को राजधानी घोषित कर इतिहास में अपना नाम दर्ज कराए।
पत्रकार वार्ता के दौरान विस अध्यक्ष प्रेमचंद्र अग्रवाल ने कहा कि स्थायी राजधानी को लेकर लंबे समय से विवाद है। जिस प्रकार के राजनीतिक हालत प्रदेश में चल रहे हैं, उससे आंदोलनकारियों के सपने टूट रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार है तथा सरकार को इस स्थिति का लाभ उठाते हुए गैरसैंण को स्थायी राजधानी की घोषणा कर इस विषय पर विराम लगा देना चाहिए। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि वह गैरसैंण को किसी ना किसी रूप में राजधानी घोषित करके राज्य आंदोलनकारियों के त्याग का सम्मान करे। विस अध्यक्ष ने एनडीए की प्रवेश परीक्षा में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने पर प्रतिभावान शिवांश को पुष्पगुच्छ भेंटकर व मिष्ठान खिलाकर बधाई दी। इस मौके पर उन्होंने छात्र के पिता संजीव जोशी व माता तनुजा जोशी को भी बधाई दी।