13 नवंबर को होगी एनएएस की परीक्षा

पौड़ी। शिक्षा विभाग की पहल तथा जिलाधिकारी सुशील कुमार की अध्यक्षता में आयोजित राष्ट्रीय उपलब्धि स्कीम (एनएएस) की बैठक में उन्होंने 13 नवंबर को आयोजित होने वाले एनएएस की परीक्षा में उप जिलाधिकारियों समेत विभिन्न अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी। इस मौके पर डीएम ने विभिन्न विभागों की भी समीक्षा बैठकें ली। विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में मुख्य शिक्षाधिकारी एमएस रावत ने बताया कि भारत सरकार के निर्देशों पर जिले में 13 नवंबर को राष्ट्रीय उपलब्धि स्कीम की परीक्षा आयोजित की जानी है। जिसमें कक्षा 3, 5 तथा 8 तक के विभिन्न छात्र व छात्राओं की ओर से प्रतिभाग किया जाना है। उन्होंने बताया कि जिले में कक्षा 3 से 5 तक के 6161 तथा कक्षा 8 के 51 परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं। उन्होंने बताया कि यह परीक्षा जिले के सभी विकास खंडों में आयोजित की जानी है। इस मौके पर जिलाधिकारी ने इस परीक्षा को बोर्ड परीक्षा की भांति संचालित करने तथा प्रश्नपत्रों का रख रखाव करने के साथ ही संबंधित क्षेत्रों के उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों तथा खंड शिक्षा अधिकारियों समेत अन्य अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी। इस मौके पर डीएफओ रमेश चंद, अपर जिलाधिकारी रामजी शरण शर्मा, एसडीएम सदर केएस नेगी, एसडीएम कोटद्वार राकेश तिवारी, एसडीएम श्रीनगर एमडी जोशी, एसडीएम थलीसैंण कमलेश मेहता, एसडीएम लैंसडोन सोहन सिंह सैनी डीईओ माध्यमिक हरेराम यादव, डीईओ बेसिक केएस रावत आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *