देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। श्री झण्डा मेला आयोजन समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों व संगतों ने एक बैठक कर यह रायशुमारी की कि संगतों की बढ़ती संख्या व सुरक्षा कारणों के मद्देनज़र श्री झण्डा जी परिसर के आसपास का क्षेत्र कम पड़ता दिखाई दे रहा है। सुरक्षा व जन सामान्य की सुविधा को देखते हुए क्योंन वर्ष 2021 का श्री झण्डा जी आरोहण के आयोजन का कार्यक्रम मातावाला बाग में कराया जाए। यद्धपि अभी इस बारे में एकमत राय नहीं बन पाई है। श्री झण्डा जी आरोहण के धार्मिक व आधात्मिक पक्ष का पूर्णं अध्ययन एवम् अवलोकन करने के बाद ध्वजारोहण के स्थल के बदलाव में कोई निर्णय लिया जा सकता है।
काबिलेगौर है कि प्रतिवर्ष श्री झण्डे जी मेले में शामिल होने वाली संगतें व श्रद्धालओं की संख्या बढ़ रही है। सभी श्रद्धालु श्री झण्डे जी आरोहण के दिव्य दृश्य को देखना चाहते हैं, लेकिन कम जगह, संकरी रोड और आसपास जीर्ण शीर्ण प्राचीन भवन और कमजोर छतों के यह सम्भव नहीं हो पाता है। साथ ही सुरक्षा के दृष्टिकोण से यह उचित भी नहीं लग रहा है। इस बार के झण्डारोहण में पुलिस, प्रशासन व संगतों की सूझबूझ व मजबूत इरादों व सराहनीय प्रयासों से भगदड़ व अनहोनी होने से बच गई। मातावाला बाग में पर्याप्त समतल, सीधा मैदान उपलब्ध है। इसमें लाखों श्रद्धालु श्री झण्डे जी आरोहण का नयनविराम दृश्य देख सकते हैं। सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी यह स्थान काफी सुरक्षित है।
87 वर्षीय सरदार श्री जगतार सिंह ने बताया कि पिछले 58 सालों से वह श्री झण्डा जी आरोहण प्रक्रिया के सक्रिय सेवादार रहे हैं। मौसम चक्र परिवर्तन व लागातार हो रही बारिश के कारण ध्वज दण्ड को सूखने का समय ही नहीं मिल सका, इससे ध्वज दण्ड में लचक आ गई। प्रकृति की बदलती हुई फिजा से अब हमें ध्वज दण्ड के नये विकल्पों जैसे अष्टधातु के ध्वजदण्ड के बारे में सोचना चाहिए। संगतों व श्री दरबार साहिब प्रबन्ध समिति में अष्टधातु के ध्वजदण्ड के बारे में सहमति बनती जा रही है।
जाको राके साइंयां मार सके न कोई
श्री झण्डा जी मेला आयोजन समिति ने अरदास की कि हम सभी का जीवन उस परम पिता परमेश्वर के हाथों में सुरक्षित है। जिनकी रक्षा स्वयं भगवान, सदगुरु करते हैं उनका कोई बाल भी बांका नहीं कर सकता है। श्री झण्डा आरोहण, धार्मिक अनुष्ठान व नगर परिक्रमा सुख शांति पूर्वक सम्पन्न हो गए हैं। अनावश्यक रूप से अफवाहों व इधर उधर की बातों में न उलझें। भविष्य के लिए सबक लेते हुए श्री झण्डा जी मेला आयोजन की व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए गम्भीर और सार्थक प्रयास किए जाएंगे। श्री गुरु राम राय जी महाराज का आशीर्वाद सभी पर बना रहे।