6 जुलाई से आरंभ होगा भाजपा का सदस्यता अभियान

देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आगामी 6 जुलाई स्वर्गीय श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जन्मदिवस पर सदस्यता अभियान का आरंभ किया जाएगा। इस दौरान मोबाइल में मिस्ड काल देकर भी सदस्यता ली जा सकती है।
आज यहां महानगर कार्यालय पर संपन्न हुई कार्यकारिणी में प्रदेश सदस्यता प्रमुख खजान दास ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बताया कि आदरणीय श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जन्मदिवस 6 जुलाई से आरंभ होने वाले सदस्यता अभियान में प्रत्येक बूथ पर 100 नए सदस्यों को भारतीय जनता पार्टी से जोड़ा जाना है। वर्तमान में प्रदेश में यह संख्या लगभग 16 लाख है और विगत लोकसभा चुनाव में हमें 2954835 मत प्राप्त हुए हैं अर्थात इन मतदाताओं को हम नए सदस्य बना सकते हैं जो पार्टी की विचारधारा में विश्वास रखते हैं परंतु अभी सदस्य नहीं है। सदस्यता के इस चरण में हमने 912 बूथों पर 100 सदस्य बनाने हैं जो संख्या 91200 बनती है इस हेतु प्रत्येक सदस्य को 7 दिन कार्य करना अनिवार्य है।
भाजपा महानगर अध्यक्ष विनय गोयल ने कार्यकारिणी की अध्यक्षता करते हुए कहा की 50 नए सदस्य बनाने वाले को ही सक्रिय कार्यकर्ता माना जाएगा और वार्ड स्तर से ऊपर अर्थात मंडल महानगर जिला प्रदेश या देश में पदाधिकारी बनने के लिए सक्रिय सदस्य होना आवश्यक है। साथ ही ऐसे सक्रिय सदस्यों को भाजपा की पत्रिका का सदस्यता शुल्क रुपए 120 भी देना होगा, जो पूर्व में सक्रिय सदस्य हैं वे सब यथावत रहेंगे और यह व्यवस्था नए बनने वाले सदस्यों के लिए है। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि केंद्र द्वारा नए मोबाइल नंबर 8980808080 पर मिस कॉल देकर सदस्यता ली जा सकेगी। कार्यक्रम से पहले नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री अनिल गोयल का महानगर कार्यालय आने पर जोरदार स्वागत किया गया। संचालन महानगर महामंत्री आदित्य चौहान ने किया।


कार्यकारिणी में प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल, मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायक विनोद चमोली, उमेश शर्मा काऊ, हरबंस कपूर, सहदेव सिंह पुंडीर, अनुसूचित नेता भगवत प्रसाद मकवाना, पूर्व महानगर अध्यक्ष पुनीत मित्तल, मीडिया प्रभारी राजीव उनियाल, सभी महानगर पदाधिकारी, सभी मंडल अध्यक्ष एवं महामंत्री, जिला एवं मंडल सदस्यता प्रमुख, सभी पार्षद गण, मोर्चा, प्रकोष्ठ, प्रकल्प के संयोजक, सहसंयोजक तथा महानगर में निवास करने वाले सभी प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *