अंकिता भंडारी हत्याकांड की CBI जांच सार्वजनिक करने की मांग

– कांग्रेस ने सरकार को घेरा

देहरादून, गढ़वाल का विकास डॉट कॉम। अंकिता भंडारी हत्याकांड की CBI जांच की प्रगति सार्वजनिक करने, जांच में सामने आए महत्वपूर्ण तथ्यों को जनता के सामने रखने तथा दोषियों को कठोर सजा दिलाने की मांग को लेकर महानगर कांग्रेस कमेटी, देहरादून ने सरकार पर तीखा हमला बोला।

महानगर कांग्रेस कमेटी, देहरादून के अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि “अंकिता भंडारी केवल उत्तराखंड की बेटी नहीं, बल्कि प्रदेश के हर परिवार की बेटी थी। उसके परिवार को न्याय दिलाना सरकार की नैतिक और संवैधानिक जिम्मेदारी है। आज सबसे बड़ा सवाल यह है कि CBI जांच की प्रगति क्या है और जांच में अब तक कौन-कौन से महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। सरकार और जांच एजेंसी को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। जनता को अंधेरे में रखकर न्याय की प्रक्रिया को लंबा नहीं खींचा जा सकता।”

डॉ. गोगी ने कहा कि “महानगर कांग्रेस की स्पष्ट मांग है कि CBI जांच की वर्तमान स्थिति और प्रगति सार्वजनिक की जाए। यदि जांच में किसी व्यक्ति, प्रभावशाली व्यक्ति या षड्यंत्र से जुड़े किसी नए तथ्य की जानकारी सामने आई है, तो उसकी निष्पक्ष जांच सुनिश्चित होनी चाहिए। अंकिता के माता-पिता वर्षों से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्हें न्याय मिलने में अब और देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। महानगर कांग्रेस इस मुद्दे को मजबूती से उठाती रहेगी और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखेगी।”

प्रदेश कांग्रेस महासचिव (संगठन) राजेंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि “अंकिता भंडारी हत्याकांड सिर्फ एक परिवार के न्याय का मामला नहीं है, बल्कि उत्तराखंड की बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और भरोसे से जुड़ा गंभीर विषय है। CBI जैसी सर्वोच्च जांच एजेंसी की जांच की प्रगति को लेकर सरकार की ओर से स्पष्ट जानकारी सामने न आना गंभीर सवाल खड़े करता है। जनता जानना चाहती है कि जांच कहां तक पहुंची और अब तक क्या निष्कर्ष सामने आए हैं।”

श्री भंडारी ने कहा कि “हमारी मांग है कि जांच में सामने आए महत्वपूर्ण तथ्यों को सार्वजनिक किया जाए, प्रत्येक आरोपी और संभावित षड्यंत्र में शामिल व्यक्ति की भूमिका की निष्पक्ष जांच हो तथा किसी भी प्रभाव या दबाव के बिना दोषियों को कठोरतम कानूनी सजा दिलाई जाए। अंकिता के परिवार को न्याय मिलने तक कांग्रेस इस मामले को दबने नहीं देगी। सरकार को जवाब देना होगा कि न्याय में देरी क्यों हो रही है और जांच की प्रगति जनता से क्यों छिपाई जा रही है।”

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाना पूरे उत्तराखंड की सामूहिक जिम्मेदारी है और इस मामले में पारदर्शिता, निष्पक्ष जांच तथा शीघ्र न्याय सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *