– लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध एवं त्रुटिरहित होना अत्यंत आवश्यक : राजेंद्र शाह
देहरादून, गढ़वाल का विकास डॉट कॉम। धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आज एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में SIR प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में प्रदेश महासचिव व समन्वयक धर्मपुर विधानसभा श्री राजेन्द्र शाह जी ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान आने वाली संभावित विसंगतियों, मतदाताओं के नामों के सत्यापन, आवश्यक दस्तावेजों तथा बूथ स्तर पर समन्वय के संबंध में जानकारी दी। श्री शाह ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध एवं त्रुटिरहित होना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी जिम्मेदारी और सजगता के साथ बूथ स्तर पर कार्य करें।
श्री शाह ने कहा कि बूथ नंबर 61 पर आकाश नामक व्यक्ति द्वारा फर्जी तरीके से दर्जनों नामों पर आपत्ति लगाई गई है परंतु इस नाम का व्यक्ति न तो उस विधानसभा से संबंधित है और न ही उसका कोई अता पता है।
बैठक में पीसीसी सदस्य व प्रभारी धर्मपुर विधानसभा श्री अखिलेश उनियल ने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि कांग्रेस के बीएलए-2 अपने-अपने बूथों पर सक्रियता के साथ कार्य करें तथा BLO के साथ समन्वय स्थापित करते हुए पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रखने और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी अथवा विसंगति की स्थिति में तत्काल संगठन को अवगत कराएं।
बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस की नेता व सह-समन्वयक एडवोकेट सुनीता प्रकाश ने कार्यकर्ताओं से SIR प्रक्रिया को गंभीरता से लेते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावी ढंग से कार्य करने की अपील की।