BJP अलग अंदाज में मनाएगी बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती

देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। कोरोना महामारी के चलते भारतीय जनता पार्टी संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती अलग अंदाज में मनाएगी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने अपील की है कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ पर दो गरीब लोगों को भोजन कराएं।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी अजेंद्र अजय ने कहा कि भाजपा प्रत्येक वर्ष बाबा साहब डॉ अम्बेडकर की जयंती को प्रमुखता से आयोजित करती है। मगर इस बार कोरोना महामारी के कारण जारी लॉक डाउन को देखते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा ने अम्बेडकर जयंती को अलग तरह से मनाने के निर्देश दिए हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशों के क्रम में प्रदेश अध्यक्ष श्री भगत ने आज वीडियो संदेश के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं अपने-अपने घरों में बाबा साहब के चित्र में माल्यार्पण करने और इसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने को कहा है।
प्रदेश अध्यक्ष श्री भगत ने कहा कि बाबा साहब का देश के संविधान के निर्माण में प्रमुख भूमिका रही है। इसके साथ ही उन्होंने गरीबों, शोषितों आदि के अधिकारों के लिए सक्रिय रूप से लड़ाई लड़ी। वे जम्मू-कश्मीर में धारा 370 लगाए जाने के विरोधी थे। श्री भगत ने कहा कि बाबा साहब की जयंती पर हमारी तरफ से सच्ची श्रद्धांजलि यह होगी कि हम में से प्रत्येक कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ पर दो-दो गरीब लोगों को भोजन कराएं। घर में मास्क तैयार कर लोगों को वितरित करें। बस्तियों में ” मेरी बस्ती-कोरोना मुक्त बस्ती ” का संकल्प दिलाएं। उन्होंने कहा कि यह ध्यान रखें कि इस दौरान किसी कीमत पर सोशल डिस्टेंसिंग के सिद्धांत का उल्लंघन ना हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *