नई दिल्ली। CBSE बोर्ड की 12वीं की परीक्षा को रद्द कर दिया गया हैं। बोर्ड परीक्षाओं को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यह फैसला हुआ। इस बैठक में सीबीएसई के चेयरमैन के साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और प्रकाश जावड़ेकर भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि छात्रों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। कोरोना के बीच बच्चों पर तनाव डालना ठीक नहीं है। विदित हो कि परीक्षा रद्द करने को लेकर विपक्ष लगातार आवाज उठा रहा था। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने आज भी परीक्षा को रद्द करने की मांग की थी। इससे पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक आज बोर्ड परीक्षाओं को लेकर कोई फैसला लेने वाले थे, मगर अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया है।