कहा, जिनके घर शीशे के होते हैं वह दूसरों पर पत्थर नहीं उछाला करते, कांग्रेस सरकार में खनन का भ्रष्टाचार आज भी है सबको याद, केंद्र ने उत्तराखण्ड के विकास को स्वीकृत की एक लाख करोड़ की योजनाए
10 जनवरी 2022, गढ़वाल का विकास डॉट कॉम, देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा है कि जिन लोगों ने कोई काम नहीं किया वह लोगों को बरगलानेे में लगे हुए है। कांग्रेस और करप्शन एक दूसरे के पूरक बताते हुए CM ने कहा कि उनके काले और खूनी पंजे को जनता जरूर सबक सिखाएगी।
रिस्पना पुल स्थित एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में मुख्यमंत्री धामी ने शायराना अंदाज में कहा कि जिनके घर शीशे के होते हैं, वह दूसरों पर पत्थर नही उछाला करते। कांग्रेस सरकार में खनन का भ्रष्टाचार सबको याद है। आज वो लोग उत्तराखण्डियत की बात कर रहे हैं जिन्होंने कभी उत्तराखण्ड बनने का पक्ष नहीं लिया। जनरल बिपिन रावत को गली का गुंडा कहने वाले आज सैनिकों की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि जनता का बड़ी संख्या में हमकों आशीर्वाद मिल रहा है। उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने में जनता हमें सहयोग जरूर करेगी। वहीं उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि जिन लोगों ने कभी कोई काम नहीं किया वह टनकपुर बागेश्वर रेल लाइन के मामले में लोगों को बरगलाने का काम कर रहे हैं।
CM धामी ने कहा कि हमारी सरकार ने देहरादून एयरपोर्ट की क्षमता बढ़ाई, नए हवाई रूट ढूंढे, जिन पर सेवाएं चल रही हैं। हमारी सरकार ने 500 से अधिक फैसले लिए और न केवल फैसले लिए बल्कि वित्तीय प्रबंधन करते हुए आदेश भी जारी किए। उन्होंने कहा कि ये चुनाव दूसरी पार्टी के कारनामे और हमारे काम के बीच होने वाले हैं। हमारी पार्टी चुनाव आयोग की सभी गाइडलाइंस का पालन करेगी। 2025 में रजत जयंती को लेकर उत्तराखंड को सर्वश्रेष्ठ बनाएंगे। प्रधानमंत्री ने भी कहा है कि यह दशक उत्तराखण्ड का दशक होगा। इसी दिशा में हम आगे बढ़ रहे हैं। पुलिस ग्रेड पे पर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं पुलिस की मांग को भली भांति जानता हूं। हमने एकमुश्त देने का फैसला किया। इसके बाद भी कोई बात होगी तो भविष्य में देखेंगे और इसे हम करेंगे।
आचार संहिता से एक दिन पहले तबादले आदेश होने के सवाल पर इस मुख्यमंत्री ने कहा कि अवैध खनन या अवैध नियुत्तिफ का कोई भी मामला है तो कांग्रेस बताए। उन्होंने कहा कि आरोप कोई अच्छा आदमी लगाए तो ठीक है। कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है। कांग्रेस ने एक भी अच्छा काम नहीं किया । अवैध खनन का कोई मामला हो तो बताए कहां हुआ। रोजगार के सवाल पर धामी ने कहा कि हम हर विभाग के आंकड़े आपको उपलब्ध कराएंगे। हमने 24000 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया को लोक सेवा आयोग के जरिए आगे बढ़ाया है। पुलिस में कई साल बाद 1734 पदों पर भर्ती निकाली है। चुनाव में अंदरखाने हराने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ये सब कांग्रेस में होता है। हमारे यहां कोई द्वेष नहीं है। मैं आयु में छोटा जरूर हूं, लेकिन कहीं कोई दिक्कत नहीं है। सीएम के पीआरओ नंदन सिंह बिष्ट को बहाल करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हमने जांच कराई। जिसकी रिपोर्ट आने के बाद उन्हें बहाल किया गया। सीएम ने हम जनता के बीच 10 साल का विजन डॉक्यूमेंट लेकर आएंगे। प्रेसवार्ता में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक व भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महासचिव दीप्ति रावत भारद्वाज मौजूद रही।
केंद्र से मिली एक लाख करोड़ की योजनाएं
मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि केंद्र सरकार से राज्य के लिए एक लाख करोड़ की योजनाएं स्वीकृत हुई हैं। पीएम मोदी ने देहरादून में 18 हजार करोड़ और हल्द्वानी में 17-5 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया था। सीएम ने कहा कि जल्द दिल्ली से देहरादून दो घंटे का सफर होगा। भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान पर्वतीय मार्गों पर भी सड़कों का नेटवर्क मजबूत हुआ है। धामी ने कहा कि भाजपा की सरकार ने अंतिम छोर तक योजनाओं का लाभ दिया है। उन्होने कहा कि आयुष्मान भारत योजना, स्वच्छ भारत योजना, पीएम आवास योजना हो या गरीब कल्याण योजना सभी समाज के लिए बनी हैं। उन्होंने कहा कि आने वाला दशक उत्तराखंड का होगा। स्व- अटल ने उत्तराखंड बनाया था। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वह उसे संवारेंगे।