कांग्रेस विधायक ने थामा BJP का दामन

Garhwalkavikas.com, देहरादून/नई दिल्ली। देवभूमि उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव का समय नजदीक आने के साथ ही दलबदल के कार्यक्रम में तेजी आ रही है। इसी कड़ी में BJP ने चुनाव से पहले कांग्रेस में सेंधमारी कर डाली है। पुरोला से कांग्रेस विधायक राजकुमार ने रविवार को नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा का दामन थाम लिया। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, सीएम पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक सहित अन्य नेताओं की मौजूदगी में विधायक राजकुमार ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

BJP में शामिल होने के बाद विधायक राजकुमार ने कहा कि वह चुनाव को लेकर नहीं बल्कि बीजेपी से प्रभावित होकर के पार्टी में शामिल हो रहे हैं। उनका कहना है कि बीजेपी के नेतृत्व में प्रदेश का काफी विकास हुआ है और ऑल वेदर रोड के बनने से प्रदेश में कनेक्टिविटी बढ़ी है।’ कनेक्टिविटी बेहतर होने से धार्मिक स्थलों की यात्रा अब सुगम हो गई है। कोरोना काल में मोदी सरकार के 80 करोड़ों लोगों को मुफ्त में अनाज देने की योजना से भी वे काफी प्रभावित हुए हैं।

इतना ही नहीं विधायक राजकुमार ने यह भी कहा कि  कांग्रेस ने अनुसूचित जातियों के लिए कुछ नहीं किया, लेकिन पीएम नरेंद्र मोदी ने अनुसूचित जाति समाज को स्वावलंबी बनाने के लिए काफी काम किया है। आपको बता दें कि इससे पहले उक्रांद नेता व धनौल्टी विधायक प्रीतम पंवार भी भाजपा में शामिल हो चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *