देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। जिलाधिकारी डाॅ आशीष कुमार श्रीवास्तव द्वारा आज खाद्य सामग्री के भण्डारण एवं आंवटित करने हेतु बनाये गये अन्नपूर्णा वेयर हाउस का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिये कि जरूरतमदों एवं प्रभावित परिवारों को अन्नपूर्णा राशन उपलब्ध कराने के साथ ही सामग्री वितरण का लेखा-जोखा भी रखा जाय। लाॅक डाउन के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं में लगे कार्मिकों को मास्क एवं सैनिटाइजर भी उपलब्ध कराये जायें एवं दून अस्पताल परिसर में तथा दर्शनलाल चैक में निर्माधीन कार्यों में कार्य करने वाले श्रमिकों को मास्क एवं सैनिटाइजर उपलब्ध कराते हुए सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन करवाने के निर्देश दिये। उन्होंने अन्नपूर्णा वेयर हाउस में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखते हुए निरन्तर सेनिटाइजेशन का कार्य भी सम्पादित करवाने, के निर्देश भी सम्बन्धित अधिकारियों को दिये। इस दौरान जिलाधिकारी ने जिला आपदा परिचालन केन्द्र का भी निरीक्षण किया हेल्पलाईन के अन्तर्गत प्राप्त होने वाली विभिन्न प्रकार की काॅल एवं उस पर की गयी कार्यवाही की जानकारी प्राप्त की गयी।
कोरोना वायरस संक्रमण कोविड-19 की रोकथाम हेतु लाॅक डाउन अवधि के दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं संस्थाओं द्वारा भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। जिला खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा किये गये निरीक्षण के दौरान उपरोक्त संस्थाओं से सम्बन्धित व्यवस्थापकों को साफ-सफाई बनाये रखने, भोजन को बनाने व भण्डारण एवं पैकिंग के दौरान सामाजिक दूरी बनाये रखने सम्बन्धित जानकारी दी गयी।
कोरोना वायरस संक्रमण कोविड-19 की रोकथाम एवं अन्य व्यवस्थाओं के सम्पादन हेतु नियुक्त विभिन्न विभागों एवं संस्थानों के आज कुल 90 कार्मिकों को उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डाॅ ए.के डिमरी एवं जल संस्थान के अधिशासी अभियन्ता नमित कुमार रमोला द्वारा कार्मिकों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिसमें डेयरी विकास एवं आंचल डेयरी के फिल्ड कार्मिक 47, जल संस्थान के 43 फील्ड कार्मिक एवं कान्ट्रेक्टर शामिल है।