जब सरकार आनी ही नहीं, तो वादे, घोषणा व एफिडेविट तो डस्टबिन में जाने है, आप की मंशा 6% वोट लेने की, ताकि मिल सके राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा
11 फरवरी, गढ़वाल का विकास डॉट कॉम, देहरादून। आप पार्टी के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता संजय भट्ट ने आप पार्टी के वचन पत्र को झूठ का पुलिंदा बताया है। उन्होंने यह भी कहा कि जब सरकार आ ही नहीं रही, तो वादे, घोषणा व एफिडेविट डस्टबिन में ही जाने है। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि केजरीवाल जो कहता है, वो नहीं करता है।
मीडिया को जारी बयान में आप के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता संजय भट्ट ने आप पार्टी के वचन पत्र को झूठ का पुलिंदा बताते हुए कहा कि आप पार्टी को उत्तराखण्ड में कोई तवज्जो नहीं दे रहा, तो सरकार भी नहीं आ रही, इसलिए आप पार्टी कुछ भी घोषणा कर दे रही है। उन्होंने कहा कि आप पार्टी की मंशा उत्तराखंड में 6% वोट लेने की है, ताकि आम आदमी पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिल जाये। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के आम जनमानस से आप पार्टी को कोई लेना देना नहीं है।
*केजरीवाल जो कहता है वो करता ही नहीं है*
संजय भट्ट ने कहा कि 2013 में आप पार्टी ने कहा था कि हमारे विधायक 20 हजार रु वेतन लेंगे, लेकिन अब 3 लाख ले रहे है। इसी तरह आप पार्टी ने 2013 में कहा था कि विधायक निधि बन्द कर पैसा मोहल्ला सभा को दिया जाएगा, हुआ क्या मोहल्ला सभा ही खत्म कर दी गई। इसी तरह कर्नल पहले दिल्ली की 18 साल से ऊपर की महिलाओं को 1000 रु महीना दें, तब उसके बाद उत्तराखण्ड में बात करें। इसके अलावा आप पार्टी पहले दिल्ली के युवाओं को को 5000 रु महीना बेरोजगारी भत्ता दें, उसके बाद उत्तराखण्ड में जुमला दें।
संजय भट्ट ने कहा कि आम आदमी पार्टी का एफिडेविट देना एक राजनीतिक स्टंट है, विधायकों के वेतन का एफिडेविट दिल्ली में भी बांटा गया था, पर हुआ बिल्कुल उल्टा। इस दौरान केजरीवाल जो कहता है, वो नहीं करता। उन्होंने कहा कि जब सरकार आ ही नहीं रही तो वादे, घोषणा और एफिडेविट डस्टबिन में ही जाने हैं, इसलिए कुछ भी बोल दो, बस 6% वोट आ जाए। यही केजरीवाल मॉडल ऑफ गवर्नेंस है।