केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम ने बाजपुर के एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में विद्यार्थियों के साथ किया संवाद, विद्यालय को उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान के रूप में विकसित करने पर दिया जोर

– जयंती पर महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को पुष्पांजलि अर्पित की,

– ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ के तहत विद्यार्थियों के साथ स्वच्छता अभियान, स्वच्छता शपथ एवं पौधरोपण कार्यक्रम में लिया हिस्सा

देहरादून, गढ़वाल का विकास डॉट कॉम। केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने शुक्रवार को उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के बाजपुर स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में विद्यार्थियों के साथ स्वच्छता एवं जागरूकता संबंधी गतिविधियों में सहभागिता की।

गांधी जयंती के अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री को पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थित जनसमुदाय के साथ विद्यालय परिसर में आयोजित स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया तथा स्वच्छता शपथ दिलाई। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के तहत पौधरोपण भी किया।

श्री जुएल ओराम ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए विद्यालय, छात्रावास तथा आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति जागरूक करते हुए उनसे अपने परिवारों और गांवों में भी सकारात्मक व्यवहार परिवर्तन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि जीवनभर अपनाया जाने वाला मूल्य है, जो बेहतर स्वास्थ्य, गरिमा, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता है।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने विद्यार्थियों के साथ आत्मीय संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों की पढ़ाई, उनकी रुचियों तथा भविष्य के सपनों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने तथा जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। श्री ओराम ने विद्यार्थियों द्वारा अपशिष्ट प्रबंधन, कचरे के पृथक्करण, सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण से संबंधित लगाए गए प्रदर्शनों का भी अवलोकन किया तथा उनके प्रयासों की सराहना की।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्हें बेहतर शिक्षा, उचित संसाधन और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराना सरकार और समाज की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर सुविधाएं और समान अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।

श्री जुएल ओराम ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता और सुविधाओं को मजबूत करने तथा बच्चों एवं युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। हमारा प्रयास है कि जनजातीय समाज के प्रतिभाशाली बच्चे शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां प्राप्त करें और राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आने वाले समय में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, बाजपुर को आवश्यक सुविधाओं एवं संसाधनों से सुसज्जित करते हुए एक उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। विद्यालय में ऐसा शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा, जिससे यह भविष्य में सैनिक स्कूल एवं जवाहर नवोदय विद्यालय जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं के स्तर की सुविधाओं और शैक्षणिक गुणवत्ता की दिशा में आगे बढ़ सके।

श्री ओराम ने विद्यार्थियों से दैनिक जीवन में जिम्मेदार व्यवहार अपनाने और स्वच्छ एवं स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय विद्यार्थियों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक जिम्मेदारी के मूल्यों को विकसित करना ‘स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ के सामूहिक संकल्प को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता को राष्ट्रव्यापी जन आंदोलन में परिवर्तित करने और ‘स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ के विजन से प्रेरित ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के तहत देशभर में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, विद्यालय कर्मचारियों तथा स्थानीय समुदाय के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता, कचरे के पृथक्करण, पर्यावरण जागरूकता एवं जनभागीदारी से संबंधित विभिन्न गतिविधियों को बढ़ावा दिया गया। कार्यक्रम ने स्वच्छता अभियान में ‘संपूर्ण सरकार’ दृष्टिकोण और सामुदायिक सहभागिता को भी प्रदर्शित किया।

केंद्रीय मंत्री ने विद्यालय परिसर की स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा विद्यालय के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर अधिकारियों एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा की। इस अवसर पर ऊधम सिंह नगर के जिलाधिकारी श्री नितिन सिंह भदौरिया और मुख्य विकास अधिकारी श्री दिवेश शशानी सहित जिला प्रशासन के अधिकारी, राज्य सरकार के प्रतिनिधि, विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक एवं कर्मचारी तथा स्थानीय समुदाय के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री का उत्तराखंड दौरा विशेष रूप से एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के माध्यम से जनजातीय शिक्षा और कल्याण से जुड़े विषयों पर स्थानीय हितधारकों एवं अधिकारियों के साथ संवाद का अवसर प्रदान कर रहा है। साथ ही, वे वरिष्ठ नागरिक कल्याण, स्वच्छ भारत अभियान और जनजातीय शिक्षा से संबंधित विभिन्न कार्यक्रमों में भी भाग ले रहे हैं।

श्री जुएल ओराम उत्तराखंड के चार दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान वे विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता करने के साथ उत्तराखंड आदि रंगोत्सव में भी शामिल होंगे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *