PM की सुरक्षा चूक मामलें में पंजाब कांग्रेस पूरी तरह जिम्मेदार: CM धामी

12 जनवरी 2022, गढ़वाल का विकास डॉट कॉम, देहरादून। CM पुष्कर सिंह धामी ने पंजाब में प्रधानमंत्री की सुरक्षा में हुई चूक मामलें में पंजाब कांग्रेस को पूरी तरह से जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने विकास कार्यों को गिनाने के साथ ही यह भी कहा कि भले ही मुख्यमंत्री बदले गए हो, लेकिन एक ही पार्टी व उसकी नीति के अनुरूप प्रदेश में विकास कार्य किए गए।

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के एक निजी होटल में आज प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की जिसमें उनके साथ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मीडिया से मुखातिब होते हुए सबसे पहले प्रधानमंत्री की सुरक्षा में पंजाब में हुई चूक के मामले पर निजी चैनल के स्टिंग का हवाला देते हुए हुए पूरे प्रकरण के लिए पंजाब कांग्रेस को जिम्मेदार बताया। मुख्यमंत्री श्री धामी के मुताबिक स्टिंग में सुरक्षा अधिकारी के जरिए तमाम बातों की जानकारी अपने आला अधिकारियों को दी गई लेकिन उसके बावजूद भी कोई कार्यवाही प्रदर्शनकारियों के ऊपर नहीं की गई जिससे इस बात के प्रमाण मिलते हैं कि कांग्रेस प्रधानमंत्री के खिलाफ कोई बड़ी साजिश पंजाब में रच रही थी।

इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 5 सालों में डबल इंजन की सरकार का प्रदेश की जनता को मिले लाभ के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि ऑल वेदर रोड के प्रोजेक्ट के अलावा ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल लाइन, नेशनल हाईवे समेत कई विकास के कार्य प्रदेश में किए गए या किये जा रहे है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार और राज्य सरकार ने मिलकर अंतिम छोर पर बैठे हुए व्यक्ति को सभी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया है और इसी विकास के मुद्दे पर पार्टी 2022 का चुनाव लड़ने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देवस्थानम बोर्ड के मसले पर कहा कि पहले के मुख्यमंत्रियों ने उस वक्त की स्थिति को देखते हुए फैसला लिया था और देवस्थानम बोर्ड के वापस लेने का फैसला भी सभी नेताओं के साथ चर्चा के बाद ही सरकार ने लिया है।

उन्होंने कहा 5 साल में भले ही 3 मुख्यमंत्री को उत्तराखंड में जिम्मेदारी दी गई हो लेकिन एक ही पार्टी और उसी नीति के आधार पर प्रदेश में विकास के काम किए गए हैं इतना ही नहीं उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में परिसंपत्तियों के बंटवारे को लेकर भी लंबे अरसे से जो कवायद चल रही थी आखिरकार उसमें सफलता मिली और परिसंपत्तियों का संपूर्ण बंटवारा हो चुका है जिसके लिए उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और सभी अधिकारियों का शुक्रिया भी अदा किया। उन्होंने पार्टी प्रत्याशियों की घोषणा शीघ्र किये जाने की बात भी कहीं। इस मौके पर पार्टी के पदाधिकारी भी मौजूद थे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *