गढ़वाल का विकास न्यूज, देहरादून। बेरोजगारी, महिला सुरक्षा, कुंभ कोविड टेस्ट घोटाला, किसानों की बदहाली सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर कांग्रेसी शनिवार को सड़क पर उतर आए और उन्होंने नारेबाजी के बीच मुख्यमंत्री आवास कूच किया। पैदल मार्च करते हुए कांग्रेसी जब हाथी बड़कला पहुंचे, तो वहां पहले से ही मौजूद पुलिस कर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को बैरिकेडिंग लगाकर आगे बढ़ने से रोक दिया।
इस बीच कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर धक्का-मुक्की भी हुई। इससे गुस्साए प्रदर्शनकारी bJP सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। इसके बाद पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया और पुलिस लाइन भेज दिया। इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने कहा कि उत्तराखंड की जनता ने बीजेपी को महंगाई, महिला उत्पीड़न और बेरोजगारी जैसे मुद्दे खत्म करने को जिताया था लेकिन बीजेपी ने सिर्फ मुख्यमंत्री बदलने का काम किया है।
इससे पहले कांग्रेस भवन में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया, जिसमें वक्ताओं ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार को जमकर कोसा। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा शासनकाल में महंगाई अपने चरम पर है, जिससे आम आदमी का जीना दूभर हो गया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह की मानें तो केंद्र सरकार महंगाई रोकने में असफल साबित हुई है. आज बेरोजगार युवा सड़कों पर रोजगार के लिए दर-दर भटक रहा है, लेकिन बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। साथ ही भाजपा शासनकाल में किसानों की स्थिति बदहाल है। उन्होंने कुंभ कोविड टेस्ट घोटाले को भी जोरदार ढंग से उठाया व दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने की मांग की।