देहरादून, (विनीत गुप्ता)। सोशल मीडिया के माध्यम से कांग्रेस पार्टी के साथ ही भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य को लेकर कांग्रेसी दिग्गजों की मौजूदगी में आज उत्तराखंड में “ज्वाईन कांग्रेस सोशल मीडिया” कैम्पेंन कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, राजीव भवन देहरादून में कैम्पेंन कार्यक्रम के शुभारम्भ मौके पर आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश प्रभारी देवेन्द्र यादव ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्रवान पर पूरे देश में ‘‘ज्वाईन कांग्रेस सोशल मीडिया कैम्पेंन’’ कार्यक्रम आयोजित गये हैं। इसी कार्यक्रम के तहत आज उत्तराखण्ड में ‘‘ज्वाईन कांग्रेस सोशल मीडिया कैम्पेंन’’ का शुभारम्भ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज सोशल मीडिय की भागीदारी प्रत्येक क्षेत्र में बढ़ गई है तथा किसी भी चुनावी कैम्पेन में बिना सोशल मीडिया के प्रचार संभव नहीं है क्योंकि सोशल मीडिया प्रत्येक घर तक पहुंच गया है।
प्रदेश अध्यक्ष श्री प्रीतम सिंह ने कहा कि इस कैम्पेंन के माध्यम से कांग्रेस पार्टी उत्तराखण्ड में विशाल सोशल मीडिया वारियर्स की सेना का गठन करेगी जो भाजपा के दुष्प्रचार का सोशल मीडिया के हथियारों के माध्यम से जवाब देगी। उन्होंने कहा कि श्रीमती शिल्पी अरोड़ा को प्रदेश सोशल मीडिया की जिम्मेदारी दी गई है तथा हमें उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया की नई टीम का गठन किया जायेगा जिससे प्रदेश में सोशल मीडिया को मजबूती के साथ-साथ गति मिलेगी।
नेता प्रतिपक्ष डाॅ0 इन्दिरा हृदयेश ने कहा कि आज के युग में सोशल मीडिया की किसी भी प्रचार-प्रसार में बडी भूमिका है। युवा पीढ़ी सोशल मीडिया के माध्यम से जन सरोकार के मुद्दों पर सक्रिय होकर अपनी बात रखती है।

उपनेता प्रतिपक्ष करण महरा ने कहा कि भाजपा आज सोशल मीडिया का दुरूपयोग कर कुप्रचार कर रही है हमें भी सोशल मीडिया के माध्यम से ही उसके इस दुष्प्रचार का जवाब देना है।
सोशल मीडिया विभाग के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य श्री मनीष खण्डूरी ने कहा कि पूरे देश में इस अभियान को काफी अच्छा रिस्पांस मिला है तथा उत्तराखण्ड में हमारा लक्ष्य कम से कम 5000 लोगों को इस कैप्पेन के माध्यम से सीधे जोड़ने का है। उन्होंने कहा कि आज हर प्रकार के प्रचार-प्रसार में सोशल मीडिया की प्रमुख भूमिका है तथा उत्तराखण्ड में विधानसभा के चुनाव काफी निकट हैं तथा चुनाव प्रचार में सोशल मीडिया काफी मददगार साबित होगा।
शिल्पी अरोड़ा ने कहा कि भाजपा शासन में आज सबसे अधिक पीडित गरीब, किसान तथा बेरोजगार युवा हैं। कांग्रेस पार्टी ने पूरे देश में सोशल मीडिया की मजबूती के लिए जो कैम्पेन चलाया है उससे बडी संख्या में युवा कांग्रेस पार्टी की ओर आकर्षित हो रहे हैं।
प्रत्येक बूथ पर हमारा सोशल मीडिया का कार्यकर्ता सोशल मीडिया सैनिक के रूप में खड़ा होगा तथा भाजपा सरकारों की जन विरोधी नीतियों चाहे किसानों के मुद्दे हों, बेरोजगारों के मुद्दे हों, मंहगाई के मुद्दे या महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे हों उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से आम जनता तक पहुंचायेंगे। हमारा लक्ष्य प्रत्येक बूथ पर एक-एक सोशल मीडिया कार्यकर्ता को खड़ा करने का है तथा आने वाले चुनाव में इन कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।