विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी ने युवाओं से किया संवाद

– “राइजिंग लीडर्स फॉर इंक्लूसिव एंड प्रोग्रेसिव चेंज” कार्यक्रम का किया शुभारंभ

देहरादून, गढ़वाल का विकास डॉट कॉम। उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती ऋतु खंडूरी भूषण ने राजपुर रोड स्थित एक होटल में आयोजित “राइजिंग लीडर्स फॉर इंक्लूसिव एंड प्रोग्रेसिव चेंज” कार्यक्रम के द्वितीय मॉड्यूल का शुभारंभ किया।

इस दौरान भारत एवं जर्मनी से आए प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने समावेशी विकास, प्रभावी नेतृत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा सामाजिक परिवर्तन में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को वैश्विक दृष्टिकोण प्रदान करने के साथ-साथ विविध संस्कृतियों, विचारों एवं अनुभवों से सीखने का अवसर उपलब्ध कराते हैं, जिससे वे अपने समाज और राष्ट्र के विकास में अधिक प्रभावी योगदान दे सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने प्रतिभागियों के साथ संवाद स्थापित करते हुए विभिन्न विषयों पर उनके प्रश्नों के उत्तर दिए तथा लोकतंत्र, जनप्रतिनिधित्व, नीति निर्माण, महिला नेतृत्व और युवाओं की सहभागिता से जुड़े विषयों पर अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने प्रतिभागियों को समाज में सकारात्मक परिवर्तन का नेतृत्व करने, लोकतांत्रिक संस्थाओं को सशक्त बनाने तथा जनहित के मुद्दों पर सक्रिय सहभागिता निभाने के लिए प्रेरित किया।

यह कार्यक्रम iLEAD Global Foundation एवं KAS (Konrad-Adenauer-Stiftung) द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया जा रहा है ।

iLEAD ग्लोबल फाउंडेशन की संस्थापक एवं भाजपा उत्तराखंड की प्रदेश मंत्री नेहा जोशी ने ऋतु खंडूरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देश व विदेश से आए इन युवाओं के साथ विधान सभा अध्यक्ष से सीधा संवाद एक प्रेरणादायी अनुभव रहा । युवाओं में समाज और राष्ट्र के भविष्य को दिशा देने की अपार क्षमता है और इस कार्यक्रम के माध्यम से फाउंडेशन इन युवाओं में निवेश कर भविष्य के लीडर्स विकसित करने का कार्य कर रही है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *