देहरादून, (गढ़वाल का विकास न्यूज)। नेता प्रतिपक्ष डा. इन्दिरा ह्दयेश ने पेट्रोल-डीजल के दामों में की जा रही वृद्धि का विरोध करते हुए सरकार से पेट्रोलियम पदार्थो को जीएसटी के दायरे में लाने की मांग की है।
यहां जारी एक बयान में नेता प्रतिपक्ष डा. इन्दिरा ह्दयेश ने कहा कि विगत् 16 दिनों से पैट्रोल और डीजल के दामों को लगातार बढ़ाया जा रहा है जबकि अन्तराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दामों में काफी कमी आयी है। कोरोना संक्रमण के कारण उत्पन्न इस गम्भीर आर्थिक संकट के समय पैट्रोल एवं डीजल के दाम बढ़ाने से आवागमन एवं ट्रांसपोटेशन महंगा हो गया है, जिस कारण अति आवश्यक वस्तुओं जैसे सब्जी, तेल एवं सभी तरह के खाद्यान्नों के दामों में बेतहाशा वृद्धि होती जा रही है। उन्होंने कहा कि इस समय जनता एक तरफ बेरोजगारी की मार से त्रस्त है उस पर आवश्यक वस्तुओं की दरों में अत्यधिक वृद्धि के कारण गरीब जनता को जीवनयापन करने में काफी कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है।
नेता प्रतिपक्ष डा. इन्दिरा ह्दयेश ने कहा कि पैट्रोल एवं डीजल के दाम बढ़ने के कारण जनता में भारी आकोश है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि पैट्रोलियम पदार्थों को जी0एस0टी0 के दायरे में लाया जाये तथा राज्य सरकार द्वारा पैट्रोल एवं डीजल पर लगायी गयी एक्साइज ड्यूटी को माफ किया जाये। साथ ही उन्होंने यह भी कहा किकेन्द्र और राज्य सरकारे इस समस्या को गम्भीरता से हल करें, ताकि आम आदमी इस संकटकाल में अपना जीवनयापन सुचारू रूप से कर सके।