डेनमार्क का 6 सदस्यीय दल उत्तराखंड भ्रमण पर

पर्यटक स्थलों व पर्यटन गतिविधियों से होंगे रूबरू
देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। राज्य के पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डेनमार्क से एक 06 सदस्यीय दल परिचयात्मक भ्रमण पर उत्तराखण्ड पहुँचा है। दल में डेनमार्क मीडिया के कतिपय नामचीन पत्रकार, फ्री-लांसर तथा योग प्रशिक्षत सम्मिलित हैं। यह प्रतिनिधि मण्डल 25 से 31 मई के बीच ऋषिकेश, औली तथा नई टिहरी के विभिन्न पर्यटक स्थलों तथा पर्यटन गतिविधियों से रूबरू होगा।
सचिव पर्यटन दिलीप जावलकर ने बताया कि इस परिचयात्मक भ्रमण के माध्यम से राज्य के पर्यटन की विभिन्न विधाओं यथा योग, रिवर राफ्टिंग, स्कीं, वन्य जीवन, प्राकृतिक सौंदर्य तथा अन्य एडवेंचर स्पोर्टस का वैश्विक स्तर पर प्रचार-प्रसार होगा। उन्होंने कहा कि अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के मीडिया, ब्लागर्स तथा पर्यटन क्षेत्र से जुड़े मीडिया प्रतिनिधियों के माध्यम से स्थानीय पर्यटन को वैश्विक मंच पर एक नई पहचान मिलेगी और इसके परिणाम स्वरूप राज्य में बढ़ने वाले पर्यटन प्रभाव से स्थानीय पर्यटन व्यवसायी लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि यह 06 सदस्यीय दल ऋषिकेश में योग, रिवर राफ्टिंग, गंगा आरती तथा राजाजी नेशनल पार्क का भ्रमण करेगा। औली में गौरसों बुग्याल तथा टिहरी में विभिन्न वाटर स्पोर्टस कीगतिविधियों से भी रूबरू होगा। उन्होंने बताया कि 06 सदस्यीय दल में हंस हैनिंग मार्क, गिते ल्यूटिनेन, जैसपरलंडस गार्ड, जैन्स अल्रिक, क्रिसटीना जूल और कैथरीन स्कमिडट शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *