प्रमुख सचिव, मनीषा पंवार की अध्यक्षता में विकासखण्ड रायपुर के परिसर में चलाया गया वृक्षारोपण कार्यक्रम
देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। हरेला पर्व एवं जलशक्ति अभियान के तहत् ग्राम्य विकास विभाग के माध्यम से गत दिवस प्रमुख सचिव, मनीषा पंवार की अध्यक्षता में विकासखण्ड रायपुर के परिसर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम चलाया गया। इस अवसर पर एन.आर.एल.एम की महिला सदस्यों से भी संवाद किया गया तथा अपेक्षा की गई कि रोपित पौधों की देखभाल समय-समय पर करें, ताकि पर्यावरण संरक्षण में मदद मिल सके, कार्यक्रम के तहत् साफ-सफाई, रैनवाटर हार्वेस्टिंग, जल संरक्षण एवं संवर्धन, चाल-खाल एवं तालाबों का निर्माण को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी जी.एस. रावत, जिला विकास अधिकारी प्रदीप पाण्डेय, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, वीडिओ रायपुर सुधा तोमर सहित क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।
25 जुलाई तक बढाई गयी प्रवेश की तिथि
सहायक सेवायोजन अधिकारी क्षेत्रीय सेवयोजन कार्यालय देहरादून ने अवगत कराया है कि क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय देहरादून के अन्तर्गत संचालित शिक्षण एवं मार्गदर्शन केन्द्र में अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति तथा पिछड़ी जाति के बेरोजगार अभ्यर्थियों को जुलाई 2019 से आरम्भ होने वाले छः मासीय (जुलाई से दिसम्बर 2019) टंकण प्रशिक्षण के साथ सचिवीय पद्वति, सामान्य गणित, बुक कीपिंग एवं एकाउन्टसी एवं सामान्य ज्ञान विषयों में निशुल्क प्रशिक्षण हेतु उक्त वर्ग के 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग के हाईस्कूल में अंगे्रजी विषय सहित उत्तीर्ण इन्टरमीडिएट शिक्षित बेरोजगार अभ्यर्थियों से आवेदन-पत्र-आमंत्रित किये गये थे। उक्त सत्र में प्रवेश प्रक्रिया 29 जून को पूर्ण करते हुए 38 अभ्यर्थियों को प्रवेश प्रदान किया गया था किन्तु विगत कुछ समय से कक्षा में अभ्यर्थिायों की संख्या संतोषजनक नही है, जिस कारण अन्य इच्छुक अभ्यर्थी हेतु प्रवेश की तिथि 25 जुलाई तक बढाई गयी है। इच्छुक अभ्यर्थी 25 जुलाई तक आवेदन पत्र किसी भी कार्य दिवस में निःशुल्क प्राप्त कर भरने के उपरान्त जमा कर सकते है। प्रशिक्षण में प्रवेश पहले आओ पहले पाओ के आधार पर किया जायेगा। अभ्यर्थी अपने समस्त प्रमाण पत्रों की मूल एवं छायाप्रति सहित उपस्थित होना अनिवार्य है।
16 अगस्त तक जमा होंगेे प्रस्ताव
जिलाधिकारी सी रविशंकर की अध्यक्षता में पिरुल नीति के सफल संचालन हेतु गठित जिला नियोजन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक जिला सभागार में आयोजित की गई। बैठक में उरेडा द्वारा राज्य में प्रख्यापित “पिरुल (चीड़ की पत्तियां) अन्य बायोमास से विद्युत उत्पादन हेतु राज्य सरकार द्वारा नीति 2018“ के अनुसार राज्य के अन्य जनपदों के साथ-साथ जनपद देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध पिरुल (चीड़ की पत्तियां) एवं अन्य बायोमास से विद्युत उत्पादन हेतु तथा ब्रिकेट्स तैयार करने हेतु इच्छुक निजी विकासकर्ताओं, संस्थाओं, पंजीकृत समूहों एवं फर्मों आदि से द्वितीय चरण में “प्रस्ताव आमंत्रण सूचना“ 27 जून 2019 को प्रकाशित किये जाने तथा प्रस्ताव जमा करने की अन्तिम तिथि 16 अगस्त 2019 निर्धारित किये जाने की जानकारी दी गई। बताया गया कि इच्छुक आवेदनकर्ताओं के आवेदन उचित पाये जाने के पश्चात स्थापित होने वाली परियोजनाओं द्वारा परियोजना की स्थापना के पश्चात प्रतिदिन पिरुल की आवश्यकता के दृष्टिगत जिन क्षेत्रों में परियोजना स्थापित की जा रही है, उन क्षेत्रों से सम्बन्धित वन पंचायतों/स्वयं सहायता समूहों/महिला मंगल दलों के माध्यम से पिरुल एकत्र करने वाले व्यक्तियों को रु0 1/-(एक रुपया) प्रति किलोग्राम की दर से धनराशि का भुगतान वन विभाग द्वारा किया जायेगा। जबकि रु0 1/50 (एक रु0 पचास पैसे) प्रति किलोग्राम का भुगतान सम्बन्धित परियोजना स्वामी द्वारा किया जायेगा। बैठक में बताया गया कि इच्छुक आवेदन कर्ता विस्तृत जानकारी एवं यथाआवश्यक सहयोग हेतु उरेडा देहरादून के जनपदीय कार्यालय तथा जनपद देहरादून के समस्त प्रभागीय वनाधिकारियों से सम्पर्क कर योजना का लाभ उठा सकते हंै। परियोजनाओं के प्रस्ताव आमंत्रण एवं योजना की विस्तृत जानकारी उरेडा की वेवसाईट पर भी उपलब्ध है।
सी.एम हेल्पलाईन सम्बन्धी प्रशिक्षण का आयोजन 20 जुलाई को
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व बीर सिंह बुदियाल ने अवगत कराया है कि 20 जुलाई 2019 को प्रातः 10 बजे से ओ.एन.जी.सी के एम.एन घोष पे्रक्षागृह में सी.एम हेल्पलाईन सम्बन्धी प्रशिक्षण का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्धारित समय पर अनिवार्य रूप से प्रशिक्षण में प्रतिभाग करने को कहा है।