विकास केन्द्रित होनी चाहिए हमारी सोच : CM रावत, गढ़वाली पाठ्य पुस्तकों व मुख्यमंत्री अमृत आंचल योजना का किया लोकार्पण
पौड़ी/देहरादून(गढ़वाल का विकास न्यूज)। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने प्रवासी उत्तराखंडवासियों को अपने गांव वापिस लौट राज्य के विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि हमारी सोच विकास केन्द्रित होनी चाहिए।
गढ़वाल कमिश्नरी की स्वर्ण जयंती समारोह “सुनैरू गढवाल“ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने गढ़वाल कमिश्नरी के 50 वर्ष पूर्ण होने पर सभी को बधाई देते हुए कहा कि यह हम सभी के लिए हर्ष की बात है। इस कार्यक्रम के आयोजन का उद्देश्य प्रदेश व प्रदेशवासियों के भविष्य को संवारना है। इसके लिए गढ़वाल कमिश्नरी की स्वर्ण जयंती के अवसर पर कैबिनेट का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि टिहरी झील में भी कैबिनेट एवं लेक महोत्सव का आयोजन किया गया था, जिसके बहुत अच्छे परिणाम निकले। आज टिहरी में पर्यटकों की संख्या बढ़ी है। उन्होंने कहा कि हमारी सोच विकास केंद्रित होनी चाहिए। हमे आम आदमी के खरीदने की क्षमता को बढ़ाना है, तभी राज्य का विकास संभव है। स्वरोजगार से जुड़कर अपने देश के व प्रदेश के विकास में अपना योगदान देना होगा।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के बाहर रहा रहे उत्तराखण्ड के लोगों को प्रदेश में वापस लौटने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे हमारे प्रदेश की अर्थव्यवस्था पर बहुत अच्छा प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय कृषि, बागवानी और रेशे भी रोजगार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इस अवसर पर सहकारिता व उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डॉ धनसिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार ने पलायन को रोकने, ग्रामीण विकास व महिला सशक्तिकरण के लिए महत्वपूर्ण पहल की हैं। सहकारिता के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को बिना ब्याज के 5 लाख रूपये तक का ऋण ऐसी ही महत्वपूर्ण योजना है। सांसद तीरथ सिंह रावत ने उत्तराखंड में पलायन को रोकने के लिए गम्भीरता से मंथन किया जा रहा है। आयुष्मान योजना स्वास्थ्य के क्षेत्र में बङी पहल है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने गढ़वाल मंडल की स्वर्ण जयंती के अवसर पर कक्षा 1 से 5 तक के लिए गढ़वाली पाठ्य पुस्तकों का भी लोकार्पण किया। उत्तराखण्ड राज्य में कक्षा 1 से 5 तक के पाठयक्रम में क्रमशः धगुली, हंसुली, छुड़की, पैजबि एवं झुमकी को शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री ने आंगनवाड़ी में पढ़ रहे बच्चों को दूध पिलाकर मुख्यमंत्री अमृत आंचल योजना का भी शुभारंभ किया। इस योजना से प्रदेश भर में 1 लाख 66 हज़ार बच्चे लाभान्वित होंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नन्दा गौरा योजना के तहत विभिन्न बालिकाओं को 51 हज़ार से 5 हजार तक के चैक भी वितरित किए।
इसके साथ ही जनपद पौड़ी गढ़वाल में किसानों एवं महिलाओं को जीरो प्रतिशत ब्याज पर रु0 5 लाख तक का ऋण उपलब्ध कराने हेतु योजना के अंतर्गत विभिन्न महिला स्वयं सहायता समूहों को ऋण के चेक वितरित किये गये। मुख्यमंत्री ने औद्योगिक विकास की सम्भावनाओं व कृषि व औद्यानिकी पर पुस्तिकाओ का लोकार्पण भी किया। इस अवसर पर विधायक श्री दिलीप सिंह रावत, श्री मुकेश कोली, नगर पालिका अध्यक्ष श्री यशपाल बेनाम, प्रसिद्ध लोक कलाकार श्री नरेन्द्र सिंह नेगी, आयुक्त गढवाल डाॅ बीवीआरसी पुरुषोत्तम, आईजी गढ़वाल अजय रौतेला, जिलाधिकारी धीराज सिंह गब्र्याल, अपर आयुक्त गढ़वाल हरक सिंह रावत, मुख्य विकास अधिकारी दीप्ति सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी व जनसामान्य उपस्थित थे।