देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट बदलने जा रहा है। मौसम विभाग की माने तो 23 व 24 जून को कुमाऊं मंडल के ज्यादातर क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, गढ़वाल के अधिकांश इलाकों में भी बारिश का अनुमान है।
राज्य में मानसून की दस्तक से पहले प्री-मानसून के मेघों का मिजाज नटखट बना हुआ है। कुछ ऐसा ही संकेत आसमान में उमड़-घुमड़ रहे बादलों से मिल रहा है। इसी बीच मौसम विभाग ने प्रदेश में बारिश व तेज हवाओं के चलने की संभावना जतायी है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शनिवार को पर्वतीय क्षेत्रों में आसमान में आंशिक रूप से लेकर आमतौर पर बादल छाये रहेंगे। बाद में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम गति की बारिश अथवा गरज के साथ बारिश की बौछार भी पड़ सकती है। देहरादून व आसपास के मैदानी इलाको में आसमान मुख्यत: साफ रहने से लेकर आंशिक रूप से बादल छाये रहेंगे। बाद में कुछ क्षेत्रों में गर्जन वाले बादल विकसित होने अथवा बारिश की बौछार पड़ने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने 23 व 24 जून को प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में बारिश का अनुमान है। विशेषकर नैनीताल और चंपावत समेत कुमाऊं के अधिकांश क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। वहीं, गढ़वाल के अधिकतर इलाकों में भी बारिश के आसार जताए गए हैं। इस दौरान गढ़वाल और कुमाऊं के पहाड़ी इलाकों में ओले गिर सकते हैं। इसके अलावा मैदानी इलाकों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है, जिसकी अधिकतम गति 60 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है।