सीएम ने नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने पर दी बधाई

देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। CM त्रिवेंद्र सिंह रावत ने दूसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने पर नरेंद्र मोदी को बधाई दी है। उन्होंने केंद्रीय मंत्रियों को भी शुभकामनाएं दी हैं। सीएम त्रिवेंद्र राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने दिल्ली पहुंचे हैं।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा है कि यह सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास की जीत है, और इस जीत पर देश की जनता ने असीम प्रेम और समर्थन लुटाया है, वो इस विश्वास को और भी मजबूत करता है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई है कि नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में दूसरी बार बनी सरकार, नए भारत के निर्माण के संकल्प को पूरा करेगी। साल 2022 तक न्यू इंडिया के लक्ष्यों को प्राप्त किया जा सकेगा। एक ऐसा भारत जहाँ, स्वच्छता धर्म हो, सभी को पीने का साफ पानी मिले, सभी को पक्का घर मिले, सभी को स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा चुनाव में जनता ने मोदी जी के विकास के एजेंडे पर वोट दिया। किसानों, महिलाओं, श्रमिकों, युवाओं के कल्याण के लिए जो कदम उठाए गए थे, उनपर जनता ने अपना स्नेहाशीष दिया। जनता ने जाति और धर्म पर राजनीति करने वालों को सिरे से खारिज कर दिया। दशकों से गरीबों को छलने वालों का सूपड़ा साफ कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *