सेना ने किया रास्ता बंद, क्षेत्रवासियों ने किया हंगामा

देहरादून। सेना द्वारा गढ़ी-डाकरा क्षेत्र में शास्त्री ग्राम को जाने वाले मुख्य मार्ग को बंद कर दिया गया है। इससे क्षेत्रवासियों में आक्रोश है। सेना द्वारा मुख्य मार्ग बंद किये जाने के मामले को लेकर तमाम क्षेत्रवासी कैंट बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष विष्णु प्रसाद गुप्ता के नेतृत्व में छावनी परिषद गढ़ी के कार्यालय में पहुंचे और हंगामा किया। इस मौके पर उन्होंने छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। क्षेत्रवासियों का कहना था कि सेना द्वारा डाकरा क्षेत्र में शास्त्री ग्राम से एएससी बुचड़ी को जाने वाले मुख्य मार्ग को बंद कर दिया गया है। इस मार्ग से क्षेत्रवासी पिछले 50-60 साल से आवाजाही करते रहे हैं। छावनी क्षेत्र द्वारा भी कई बार इस मार्ग को बनाया गया है। कहा कि क्षेत्र में सैनिक व पूर्व सैनिक बहुल आबादी है। मुख्य मार्ग बंद होने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कहा कि इस बारे में स्थानीय विधायक गणोश जोशी ने जिलाधिकारी को पत्र प्रेषित करने के साथ ही सब एरिया मुख्यालय के जीओसी से भी मुलाकात कर बंद किये गये मार्ग को खुलवाने की मांग की थी। जीओसी ने मार्ग को खोलने का आश्वासन दिया था। अब तक इस मार्ग को क्षेत्रवासियों की आवाजाही के लिए खोला नहीं गया है। कहा कि यदि सेना द्वारा बंद किये गये मार्ग को जल्द नहीं खोला जाता है तो क्षेत्र के लोग सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। ज्ञापन सौंपने वालो में बीएस चौहान, विजय थापा, जितेन्द्र सिंह, राज भट्ट, रेखा थापा, रूबी थापा, आशा, मना ठकुरी और सुमन आदि क्षेत्रवासी भी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *