1812 करोड़ के निवेश को स्वीकृति

देहरादून। सिंगल विंडो क्लीयरेंस की राज्य प्राधिकृत समिति की पिछली बैठक में 1812 करोड़ रुपये के पूंजी निवेश पर विचार किया गया था। इस बारे में सोमवार को सचिवालय में मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बताया गया कि इन इकाईयों की स्थापना की सैद्धान्तिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इससे 2221 लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
सिंगल विंडो सिस्टम के अंतर्गत 15 दिनों में सैद्धान्तिक स्वीकृति प्रदान की जाती है। मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग इस टाइम लाइन का पालन करें। प्रमुख सचिव एमएसएमई मनीषा पंवार ने बताया कि सिंगल विंडो सिस्टम को लागू करने के लिए ऑनलाइन पोर्टल  www.investuttarakhand.com शुरू किया गया है। अपनी इकाई स्थापित करने के लिए उद्यमी ऑनलाइन आवेदन करते हैं। कैफ(कॉमन एप्लीकेशन फॉर्म) पर ही कार्यवाही की जाती है। स्वीकृतियां, अनापत्ति देने वाले सभी विभागों के पोर्टल को इससे एकीकृत किया गया है।
बैठक में प्रमुख सचिव गृह श्री आनंद बर्धन, सचिव पर्यटन श्री दिलीप जावलकर, अपर सचिव वन श्री धीरज पाण्डेय, सदस्य सचिव प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड श्री एसपी सुबुद्धि, सीएसएफ श्री बीके गांगटे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
इन्वेस्टर्स समिट के लिए 20 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट तैयार
अक्टूबर के पहले हफ्ते में होने वाले इन्वेस्टर्स समिट के लिए 20 हजार करोड़ रुपये के 50 प्रोजेक्ट तैयार कर लिए गए हैं। इस सिलसिले में आयोजित तैयारी बैठक में मुख्य सचिव श्री उत्पल कुमार सिंह ने सभी विभागों को निवेश को आकर्षित करने वाली नीति 15 अगस्त तक तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। सोमवार को सचिवालय में अयोजित बैठक में मुख्य सचिव ने निवेश और एफडीआई को आकर्षित करने के लायक प्रोजेक्ट तैयार करने के लिए कहा।
बैठक में बताया गया कि आईटी, बायो टेक्नोलॉजी, स्किल डेवलपमेंट, इलेक्ट्रॉनिक्स, फूड पार्क, वेयर हाउसिंग, फिल्म निर्माण, मेडिकल हेल्थ, मछली पालन, आर्गेनिक कृषि और उत्पाद, वैलनेस पर्यटन, योग, जड़ी बूटी, सगंध पादप, सीनियर सिटीजन लीविंग आदि क्षेत्रों में पूंजी निवेश की संभावना है। राज्य सरकार द्वारा विभिन्न शहरों में रोड शो करके राज्य में मौजूद संसाधन, कनेक्टिविटी, कानून व्यवस्था, बिजली की उपलब्धता, लैंड लीज पालिसी, सिंगल विंडो सिस्टम और दी जाने वाली तमाम सहूलियतों के बारे में बताया जाएगा। विभिन्न देशों में राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस के जरिए उत्तराखंड में उपलब्ध पूंजी निवेश के अनुकूल वातावरण की जानकारी दी जाएगी। बैठक में प्रमुख सचिव उद्योग श्रीमती मनीषा पंवार, प्रमुख सचिव गृह श्री आनंद बर्धन, सचिव पर्यटन श्री दिलीप जावलकर, सचिव कृषि श्री डी.सेंथिल पांडियन, आयुक्त गढ़वाल श्री शैलेश बगोली, सचिव बायो टेक्नोलॉजी श्री रविनाथ रमन, निदेशक आइटीडीए श्री अमित सिन्हा, अपर सचिव आईटी श्री चंद्रेश सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *