31 मार्च तक के लिए लॉकडाउन किया गया उत्तराखंड

देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। कोरोना चायरस के बढ़ते संकट को लेकर जनता कर्फ्यू के बीच उत्तराखंड को 31 मार्च तक के लिए लॉकडाउन कर दिया गया है। इस दौरान आवश्यक सेवाएं, जैसे कि भोजन और दवाएं, सभी के लिए उपलब्ध रहेंगी। इसकी घोषणा मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने की है। साथ ही सीएम ने प्रदेश वासियों से अपील की है कि जनता कर्फ्यू को पूरी रात भर रखे जारी।
जनता कर्फ्यू के बीच उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने रविवार को आपात बैठक बुलाई, जिसमें मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह, पुलिस प्रमुख अनिल रतूड़ी और तमाम बड़े अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान उत्तराखंड को 31 मार्च तक लॉकडाउन करने का फैसला लिया गया। वहीं, राज्य में 31 मार्च तक सभी परिवहन सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं। सीएम रावत ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान कम से कम यात्रा की जानी चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वो उस शहर या गांव से भागें नहीं, जहां वे वर्तमान में रह रहे हैं।
इससे पहले मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह ने जनता कर्फ्यू के दौरान स्वेच्छा से अपने घरों में रहकर इसे सफल बनाने के लिए उत्तराखंड की जनता का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि हमें हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार रहना चाहिए। कोरोना वायरस से लड़ी जा रही इस लड़ाई को हम हर हाल में जीतेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *