CM ने किया पॉलिथीन मुक्त उत्तराखंड में सहयोग का आह्वान

देहरादून। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) के अवसर पर प्रदेशवासियों से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया है। विश्व पर्यावरण दिवस पर जारी संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार, पॉलिथीन मुक्त उत्तराखण्ड के लिए संकल्पबद्ध है। आम जनता के सहयोग से ही यह सम्भव है। गौरतलब है कि विश्व पर्यावरण दिवस 2018 की थीम ‘‘बीट प्लास्टिक पोल्युशन’ है। भारत इस वर्ष के विश्व पर्यावरण दिवस का होस्ट है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि पर्यावरण संरक्षण में उत्तराखंड व यहां के निवासियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। प्रदेश सरकार समृद्ध जैव संसाधनों के संरक्षण के प्रति वचनबद्ध है। उत्तराखण्ड अपनी वन सम्पदा और नदियों के कारण पर्यावरण संरक्षण की मुहिम का ध्वजवाहक है। पर्यावरण संरक्षण में आम जनता की भागीदारी जरूरी है। मुख्यमंत्री ने सरकारी प्रयासों के साथ ही जनता, जन प्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं आदि से अपील की है कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन चेतना जागृत करने और इसके संवर्धन के लिए अपना शत्-प्रतिशत योगदान दें। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के साथ ही नदी और जल स्रेतों की साफ-सफाई के लिए भी पूरा प्रयास जरूरी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून में रिस्पना (ऋषिपर्णा) और अल्मोड़ा में कोसी नदी को पुनर्जीवित करने की शुरूआत की गई है। जल संरक्षण के लिए भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। रेन वाटर हाव्रेस्टिंग पर भी फोकस किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *