DM ने दिये स्कूल बसों का रूट निर्धारित करने के निर्देश

यातायात व्यवस्था सुधारने को DM ने की बैठक
देहरादून। जिलाधिकारी एस.ए मुरूगेशन की अध्यक्षता में जिलाधिकारी कैम्प कार्यालय में शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने एवं दुर्घटनाओं को कम करने तथा बच्चों को स्कूल लाने एवं घर छोड़ने के लिए उचित दरों पर स्कूल बसों का संचालन करने के दृष्टिगत परिवहन, पुलिस, शिक्षा विभाग सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों के साथ स्कूल बसों का रूट निर्धारित करने तथा स्कूल बसों के लिए प्रबन्ध करने पर चर्चा की तथा कितनी बसों की आवश्यकता है का भी प्लान तैयार करने के निर्देश दिये।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि शहर के आन्तरिक क्षेत्र में पड़ने वाले नामी स्कूल के प्रबन्धकों/प्रधानाध्यापकों से बैठक/बात कर उनके यहां अध्ययनरत् कक्षा 5 से कक्षा 12 तक के बच्चों में कौन बच्चे स्कूल बसों से तथा कौन अपने संसाधन, टू-व्हीलर आदि से स्कूल आ रहे हंै का डेटा ले लिया जाये। इसकी सूचना उपलब्ध कराने के लिए स्कूल प्रबन्धक/प्रधानाध्यापक को फार्म दिया जाये, जिससे यह जानकारी प्राप्त हो सके कि कितने बच्चें स्कूल बसों से तथा कितने बच्चे अपने संसाधन से स्कूल आ रहे है। उन्होने निर्देश दिये कि जो बच्चे अपने संसाधन से स्कूल आ रहे हैं स्कूल प्रबन्धक/प्रधानाध्यापक उनके अभिभावकों से फार्म भरवाकर जानकारी प्राप्त कर, अवगत करायें। उन्होने कहा कि पहले पूर्ण डाटा इकठ्ठा कर लिया जाये, जिससे यह सटीक जानकारी प्राप्त हो सके कि स्कूल बसों हेतु कितनी बसों की आवश्यकता है तथा कितने अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल लाने तथा ले जाने हेतु स्कूल बस लगाये जाने के पक्ष में है। उन्होने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिये कि उनकी ओर से स्कूल प्रबन्धकों को पत्र प्रेषित किया जाये। उन्होने कहा कि स्कूल बसों कें संचालन का मुख्य उद्देश्य स्कूल टाइम पर शहर की यातायात व्यवस्था को ठीक करना एवं दुर्घटनाओं में कमी लाना है।
जिलाधिकारी ने परिवहन एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि स्कूल टाइम पर बस संचालित करने हेतु सिटी बस, एवं अन्य बस संचालकों से बैठक कर ली जाये तथा जिन बसों को स्कूल बस के रूप में चलाना है उनकी कंडिशन बेहतर होनी चाहिए। उन्होने स्कूल बसों का रूट निर्धारण हेतु एस.पी, यातायात, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी, सीओ यातायात को निर्देश दिये। उन्होने उपस्थित अधिकारियों को पूर्ण प्लान तैयार कर अगली बैठक में रखने के निर्देश दिये। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक निवेदिता कुकरेती, प्रबन्ध निदेशक परिवहन बृजेश कुमार, पुलिस अधीक्षक यातायात धीरेन्द्र गुंज्याल, मुख्य शिक्षा अधिकारी डाॅ एस.बी जोशी, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी अरविन्द पाण्डेय, सीओ यातायात सहित सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *